सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार बाबा-नाती की मौत

 




फिरोजाबाद, 06 अप्रैल (हि.स.)। थाना सिरसागंज के सोथरा रोड पर सोमवार किसी अज्ञात वाहन के रौंदने से मोटरसाइकिल सवार बाबा-नाती की मौत हो गई। पुलिस दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है।

थाना सिरसागंज नगला धीर निवासी राजेंद्र सिंह (82) पुत्र तिलक सिंह सोमवार को जमीनी विवाद की तारीख करने दबरई स्थित न्यायालय अपने नाती विवेक उर्फ सोनी (28) पुत्र राजकुमार के साथ मोटरसाइकिल से आए थे। तारीख करने के पश्चात दोनों बाबा-नाती अपने घर वापस मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। वह थाना सिरसागंज क्षेत्र के सोथरा रोड पर पहुंचे ही थे तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में नाती विवेक उर्फ सोनी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाबा घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृत विवेक उर्फ सोनी के शव को जिला अस्पताल लेकर आई जहां शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया। वहीं घायल राजेंद्र सिंह को उपचार के लिए सिरसागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां उपचार के दौरान वृद्ध ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस उनके भी शव को लेकर जिला अस्पताल आई है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वह जिला अस्पताल पहुंच गए।

इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी सिरसागंज वैभव कुमार सिंह का कहना है हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। जांच कर कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़