फिरोजाबाद पुलिस ने 39 लाख की नकदी पकड़ी, एटा के दो युवक हिरासत में
फिरोजाबाद, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में उत्तर थाना पुलिस ने मंगलवार को चेकिंग के दौरान एटा के दो संदिग्ध व्यक्तियों से 39 लाख से अधिक की नकदी बरामद की है। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। आयकर अधिकारी की पूछताछ में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर पुलिस ने नकदी को सीज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी उत्तर अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि थाने की पुलिस टीम ने आज
जलेसर रोड पर संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सामने से मोटर साइकिल पर आते हुए दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देख घबराने लगे और मोटरसाइकिल मोड़कर पीछे भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने शक के आधार पर उन्हें पकड़ते हुए तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवारों के पास से कपड़े के बड़े थैले में भारी मात्रा में कुल 39,50,000 (उन्नतालीस लाख पचास हजार रुपये) नकद बरामद हुए।
कोतवाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्तियों ने अपने नाम फरमान पुत्र सिराजुद्दीन व सकील पुत्र मोहम्मद अलवार निवासीगण मोहल्ला अग्रेयान थाना जलेसर जनपद एटा बताए हैं। उन्होंने बताया कि पैसे की जांच के लिए अपर निदेशक आयकर (जांच) विभाग संजय प्लेस आगरा को जरिये ईमेल व मोबाइल से सूचित कर दिया गया है। जिस पर आयकर अधिकारी संजीव कुमार के द्वारा थाना उत्तर पर आकर बरामद धनराशि के सम्बन्ध में पकड़े गये व्यक्तियों से पूछताछ की गयी। पूछताछ के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों ने नकद बरामद धनराशि के आय के स्त्रोत, परिवहन किये जाने के बारे में कोई संतोष जनक उत्तर नहीं दिया गया। आयकर जांच टीम ने उक्त धनराशि को प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाकर सीज की कार्यवाही की गयी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि धनराशि के सम्बन्ध में जांच, अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़