औरैया: गौशाला में तीन दिनों से मृत पड़े गौवंश, आंखें गायब

 


औरैया, 04 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के एरवाकटरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बीबीपुर में बने अस्थायी गौवंश पशु आश्रय स्थल में तीन दिनों से गौवंशों के मृत पड़े होने और उनकी आंखें गायब मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गौशाला में तीन गौवंश मृत पाए गए, जबकि दो अन्य की हालत अत्यंत नाजुक बताई गई। मृत गौवंशों में किसी की आंख कौआ या अन्य जानवर द्वारा नोचे जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं एक गौवंश के पिछले हिस्से पर नोंचने के निशान और खून बहने के संकेत मिले हैं।

बीबीपुर ग्राम पंचायत की प्रधान मालती देवी हैं। जबकि उनके पुत्र रोहित यादव प्रधान प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। बुधवार को जब गौशाला की दुर्दशा सामने आई तो इसकी सूचना जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी को दी गई। सूचना पर राजस्व टीम एवं उपजिलाधिकारी गरिमा सोनकर मौके पर पहुंचीं और गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंदगी, अव्यवस्था और ठंड से बचाव के अपर्याप्त इंतजामों पर नाराजगी जताई गई।

उपजिलाधिकारी ने गौशाला परिसर में भरे गंदे पानी को तत्काल निकलवाने और जहां पानी भरता है वहां मिट्टी डलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौवंश के पीने के पानी की स्थिति पर पंचायत सचिव व प्रधान प्रतिनिधि को फटकार लगाई। मृत गौवंशों की संख्या को लेकर गलत जानकारी देने पर भी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस मामले में खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि एक गाय की मौत की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार