स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का भव्य स्वागत, बोले- गौ माता को राष्ट्रमाता बनाने तक जारी रहेगा संघर्ष
नवचेतना एफपीओ पर हुआ चरण पादुका पूजन, बड़ी संख्या में जुटे सनातन भक्त
मीरजापुर, 12 मई (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के सीखड़ स्थित नवचेतना एफपीओ, विट्ठलपुर में मंगलवार देर शाम ज्योतिर्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का काफिला पहुंचते ही पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और जय गौ माता के उद्घोष से गूंज उठा। विंध्य और काशी क्षेत्र के मध्य स्थित भगवान बावन जी क्षेत्र में शंकराचार्य के आगमन पर सनातन भक्तों ने भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती आसन पर विराजमान हुए, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चरण पादुका पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद आयोजित सभा में उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने तक संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और गौ रक्षा के लिए पूरे प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राम गौधाम स्थापित करने का संकल्प लिया गया है, ताकि गौ संरक्षण को मजबूत आधार मिल सके।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव संजय पांडेय, पंडित मुकुंद मिश्र आचार्य, भुवालपुर प्रधान मनोज त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में सनातन भक्त मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चुनार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी तैनात रहे।
सनातन जागरण को लेकर दिया संदेश
सभा को संबोधित करते हुए कार्यक्रम संयोजक आशीष पाठक और शुभम मिश्रा ने कहा कि गविष्ठी यात्रा का उद्देश्य समाज में सनातन संस्कृति और गौ सेवा के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा