31 मई तक पूरा हो मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय का निर्माण, हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री योगी

 


मीरजापुर, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य हर हाल में 31 मई तक पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता व समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के अकादमिक व प्रशासनिक ब्लॉक का अवलोकन किया। साथ ही परिसर के अंदर सड़कों के निर्माण और पेयजल की समुचित व्यवस्था 31 मई तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय को ऐसा विकसित किया जाए, जिससे यह क्षेत्र के युवाओं के लिए शिक्षा के साथ-साथ रोजगार का सशक्त केंद्र बन सके।

रोजगारपरक व कौशल आधारित पाठ्यक्रम पर जोर

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि यहां ऐसे पाठ्यक्रम संचालित किए जाएं जो कौशल विकास, नवाचार और रोजगार से सीधे जुड़े हों। इससे मीरजापुर, सोनभद्र और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय द्वारा तृतीय श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति हेतु भेजे गए अधियाचन पर भी मुख्यमंत्री ने शासन स्तर से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में पेयजल की व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आयुक्त को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर इस समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने का आह्वान

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में मौलिश्री का पौधा रोपित किया। उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी वर्षाकाल में वन विभाग से समन्वय स्थापित कर वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाए। इसमें शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारी सक्रिय भागीदारी करें तथा परिसर व आसपास के क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाई जाए।

शिक्षा का मंदिर है विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर है और प्रदेश सरकार ने मां विंध्यवासिनी के नाम पर इसे स्थापित कर मीरजापुर की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किया है। ऐसे में इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कुलपति ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री के आगमन पर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, विधायक रमाशंकर पटेल, प्रमुख सचिव (उच्च शिक्षा) महेंद्र अग्रवाल, आयुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार सहित विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा