फिरोजाबाद में रिक्रूट आरक्षियों ने पासिंग आउट परेड में किया पुलिस सेवा के प्रति समर्पण का प्रदर्शन

 


फिरोजाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस के आरक्षी भर्ती-2025 के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड का आयोजन रविवार को पुलिस लाइन फिरोजाबाद में किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके आरक्षियों ने अनुशासन, समन्वय, शारीरिक दक्षता एवं पुलिस सेवा के प्रति समर्पण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने डॉ. बी.डी. पॉल्सन अपर पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश मुख्य अतिथि का स्वागत किया। रिक्रूट आरक्षियों की कुल 12 प्लाटूनों द्वारा मुख्य अतिथि को भव्य सलामी दी। तत्पश्चात मुख्य अतिथि डॉ. बी.डी.पॉल्सन अपर पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा पुलिस लाइन फिरोजाबाद परेड़ ग्राउड की समस्त 12 प्लाटूनों का निरीक्षण किया। प्रथम परेड कमांडर के रूप में कांस्टेवल योगेश शर्मा, द्वितिय कमांडर के रूप में नागेन्द्र सिंह, तृतीय कमांडर के रूप में अतुल कुमार रहे। मुख्य अतिथि द्वारा अन्तः विषय एवं बाह्य विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले रिक्रूट आरक्षियों तथा रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण में महती भूमिका निभाने के लिए पुलिस अधिकारियों काे सम्मानित किया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि परेड में प्रशिक्षुओं को आधुनिक पुलिसिंग, साइबर अपराध, संविधान, मानवाधिकार, लैंगिक संवेदनशीलता, पुलिस कार्यप्रणाली, अनुशासन, नैतिकता, जबावदेही तथा व्यवहारिक पुलिस कर्तव्यों का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें गार्ड ड्यूटी, एस्कॉर्ट ड्यूटी, लॉकअप ड्यूटी, वर्दी अनुशासन, रैंक पहचान, सैल्यूट, योग, खेलकूद एवं सामुदायिक सेवा जैसे विषयों में भी दक्ष बनाया गया है। पुलिस बल में नव आरक्षियों के सम्मिलित होने से कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और महिला, पुरुष पुलिस बल की क्षमता को और अधिक सुदृढ़ता मिलेगी। यह आयोजन उत्तर प्रदेश पुलिस की आधुनिक, संवेदनशील और जनोन्मुखी छवि को और मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। पुलिस प्रशासन ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि नव आरक्षी प्रदेश की सेवा, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण निष्ठा से कार्य करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़