उत्कृष्ट सेवा के लिए हेड कांस्टेबल अवनीश मिश्र सम्मानित

 


- मुख्यमंत्री की ओर से दिया मेडल और प्रशस्ति पत्र थाना प्रभारी ने प्रदान किया

मीरजापुर, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में राजगढ़ थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अवनीश मिश्र को कुंभ मेले में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से पूर्व में उन्हें प्रदान किए गए मेडल और प्रशस्ति पत्र को थाना राजगढ़ में आयोजित समारोह के दौरान औपचारिक रूप से रविवार को पहनाकर सम्मानित किया गया।

थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी बाल मुकुंद मिश्र ने हेड कांस्टेबल अवनीश मिश्र को मुख्यमंत्री द्वारा प्रदत्त मेडल पहनाया और प्रशस्ति पत्र भेंट किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अवनीश मिश्र की उत्कृष्ट कार्यशैली पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायक है तथा यह उपलब्धि जनपद और थाना राजगढ़ के लिए गौरव की बात है।

सम्मान समारोह में थाना राजगढ़ के पुलिसकर्मी, अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने हेड कांस्टेबल अवनीश मिश्र को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान पुलिस कर्मियों ने उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा भावना की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा