प्राचीन भुआलेश्वर महादेव मंदिर के संरक्षण की तैयारी, पुरातत्व विभाग ने किया स्थलीय निरीक्षण
मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के क्षेत्रीय पुरातत्व विभाग ने जनपद के ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को पुरातत्व इकाई वाराणसी के क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डॉ. रामनरेश पाल ने भुवालपुर गांव स्थित प्राचीन भुआलेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर की निर्माण शैली, स्थापत्य कला और उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का बारीकी से अध्ययन किया। साथ ही ग्रामीणों से मंदिर के इतिहास, परंपराओं और उससे जुड़े स्थानीय मान्यताओं के बारे में जानकारी जुटाई।
अधिकारियों ने बताया कि एकत्रित तथ्यों के आधार पर भविष्य में मंदिर के संरक्षण और संवर्धन की योजना तैयार की जाएगी।
डॉ. रामनरेश पाल ने संकेत दिए कि यह मंदिर क्षेत्र की महत्वपूर्ण प्राचीन धरोहर हो सकता है, जिसे संरक्षित कर पर्यटन के दृष्टिकोण से भी विकसित किया जा सकता है। इससे न केवल ऐतिहासिक विरासत को संजोया जा सकेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान पुरातत्व विभाग की टीम में रवि रंजन, रूपेश झा, नीरज पांडे, सुनील पाल, प्रिंस सेठ सहित ग्राम प्रधान मनोज त्रिपाठी, ललित शेखर त्रिपाठी, रविशंकर त्रिपाठी, प्रिंस पांडेय, विनोद पाण्डेय, कलित शेखर, राकेश त्रिपाठी, डब्बू त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा