उत्तर प्रदेश में शिक्षा और रोजगार की व्यवस्था बदहाल: कांग्रेस
जौनपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जाैनपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. अनित सिंह ने मंगलवार को एक पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार पर जमकर हमला किया। उन्हाेंने प्रदेश की शिक्षा और रोजगार की व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य की व्यवस्थाएं बदहाल हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, और उन्हें दूसरे स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि आम जनता को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना जरूरी है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस दिशा में गंभीरता से काम करने की अपील की। मड़ियाहूं क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर कहा कि मड़ियाहूं में कोई विकास नहीं हुआ है। क्षेत्र की जनता विकास की उम्मीद लगाए बैठी है, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होने कहा कि यदि उन्हें मड़ियाहूं क्षेत्र से चुनाव लड़ने का मौका मिलता है, तो वह चुनाव लड़ेंगे और क्षेत्र की जनता के अधिकारों तथा विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार की जरूरत है। सिंह ने सरकार से मड़ियाहूं क्षेत्र के विकास पर ध्यान देने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रवीन्द्र कुमार मिश्र