कांग्रेस कमेटी बाबू जगजीवन की जयंती पर गोष्ठी का करेगी आयोजन
लखनऊ, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से स्वतंत्रता सेनानी, उप प्रधानमंत्री, समाज सुधारक और वरिष्ठ राजनेता रहे बाबू जगजीवन की जयंती की पूर्व संध्या पर 0 4 अप्रैल को एक गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सम्मान समारोह भी किया जाएगा। यह जानकारी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने जानकारी दी। वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, लखनऊ में गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाबू जगजीवन राम की सुपुत्री एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार तथा मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. रतन लाल विशेष रूप से शामिल रहेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से अनुसूचित जाति के वर्तमान एवं पूर्व सांसदों व विधायकों के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
अजय राय ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने अपने जीवन में सामाजिक समता, न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। “समता दिवस” के आयोजन का उद्देश्य उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना तथा समाज में समानता और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना है।
उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने देश के कृषि मंत्री के रूप में हरित क्रांति को अंजाम दिया। अजय राय ने बताया कि बाबू जगजीवन राम ने रक्षा मंत्री के रूप में 1971 के युद्ध में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन किया।
अजय राय ने कहा कि बाबू जगजीवन राम के सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को जननायक राहुल गांधी पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अपने नेता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा