वाराणसी में मिली हार ने भाजपा वालों की आंखें खोल दी होंगी : अजय राय
वाराणसी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। वाराणसी में लहुराबीर स्थित अपने आवास पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एमएलसी चुनाव ने भाजपा वालों की आंखें खोल दी होंगी। वाराणसी में जो हार भाजपा की हुई है, इसकी वहां बैठे(लखनऊ और दिल्ली) नेता समीक्षा कर रहे होगें। मैं यह भी बताना चाहूंगा कि कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव लड़ा ही नहीं है, फिर जीत हार की बात नहीं होती है। प्रधानमंत्री मोदी घबराए हुए हैं। आगे विधानसभा चुनाव में भाजपा का पूरी तरह से सफाया होने वाला है।
कांग्रेस पार्टी से टिकट के विषय पर अजय राय ने कहा कि वाराणसी की पिंडरा विधानसभा सीट पर वह विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। पिंडरा विधानसभा में उनका पूरा ध्यान है। पिंडरा के लोग मेरे परिवार की तरह हैं। मुझे हर जाति, वर्ग और समाज का आशीर्वाद मिलता रहा है और आगे भी मिलेगा। मैंने पिंडरा विधानसभा में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर भी चुनाव जीता था। उसके बाद कांग्रेस से भी जीता हूं। पिछला चुनाव हार गया था, या मेरा मानना है कि हराया गया था। जनता का भरपूर प्यार, जनता का पूरा आर्शीवाद हमारे साथ है। अबकी पिंडरा भी जीतेंगे और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी इंडि एलायंस जीतने जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद