महिला आरक्षण पर भाजपा का जिला सम्मेलन, वक्ता बोले— 33% आरक्षण को बताया विकास की जरूरत

 


मीरजापुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। महिलाओं के अधिकार और आरक्षण की मांग को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का जिला सम्मेलन रामललित महाविद्यालय कैलहट मीरजापुर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आभा सिंह पटेल ने की।

मुख्य अतिथि सरोज कुशवाहा ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना केवल उनका अधिकार ही नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास के लिए आवश्यक कदम है। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मझवा विधायक सुष्मिता मौर्य और चुनार विधायक अनुराग सिंह ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आरक्षण से महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और लोकतंत्र और अधिक सशक्त होगा। साथ ही विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण बिल के विरोध का आरोप लगाया।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने अधिकारों के समर्थन में आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में अनमोल सिंह, स्वामीनाथ सिंह, बैजनाथ प्रजापति, चिंतामणि मौर्य, विजय सिंह, अनिल सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन सुनीता शर्मा ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा