काशी अन्नपूर्णा क्षेत्र ट्रस्ट का छात्राओं के लिए बड़ा कदम, शुरु किया नि:शुल्क सिलाई एवं कंप्यूटर केंद्र

 


वाराणसी, 24 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी में काशी अन्नपूर्णा क्षेत्र ट्रस्ट, अन्नपूर्णा मंदिर की ओर से शुक्रवार को गीता मंदिर स्थित नि:शुल्क सिलाई केंद्र और कंप्यूटर केंद्र का शुभारंभ दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी जी महाराज ने कहा कि निशुल्क सिलाई केंद्र और कंप्यूटर केंद्र में छात्राओं को स्वावलंबी बनाया जाएगा। उन्हें रोजगार से जोड़ा जाएगा। लगभग पांच-छह सौ बच्चियां यहां सिलाई-बुनाई-कढ़ाई के साथ-साथ कंप्यूटर की शिक्षा ग्रहण करेंगी। कक्षाएं सुबह 08 बजे से शाम 05 बजे तक कई बैचों में संचालित होंगी। यह पूरी सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई है। किसी भी विद्यार्थी से किसी प्रकार का शुल्क या आर्थिक योगदान नहीं लिया जाता।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों का चयन पहले ही कर लिया गया है। सिलाई के लिए एक साल और कंप्यूटर के लिए छह महीने का कोर्स निर्धारित किया गया है। कोर्स पूरा करने के बाद सिलाई सीखने वाली छात्राओं को नि:शुल्क सिलाई मशीन दी जाएगी। वहीं कंप्यूटर में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को लैपटॉप प्रदान किया जाएगा। ट्रस्ट का कहना है कि शिक्षित होने के बाद उपकरण भी नि:शुल्क दिए जाते हैं, ताकि छात्राओं को मशीन खरीदने की परेशानी न उठानी पड़े।

महंत शंकर पुरी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो भी छात्राएं यहां आएंगी, उनके जीवन को भरपूर लाभ मिलेगा। उन्हें नई दिशा और नए संस्कार भी मिलेंगे। यहां शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी सिखाए जाते हैं। सिलाई-बुनाई-कढ़ाई सीखकर वे अपना रोजगार शुरू कर सकेंगी और अपने परिवार का भरण-पोषण आसानी से कर सकेंगी। कंप्यूटर की शिक्षा से उन्हें नौकरी के अवसर भी मिलेंगे। वे अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकती हैं और दूसरों को भी रोजगार दे सकती हैं।

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि ट्रस्ट के इस कदम से क्षेत्र की छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का बड़ा अवसर मिलेगा। छात्राएं अपने पैरों पर खड़ी होगी और अपना भविष्य उज्जवल करेगी।

इस अवसर पर एक्जीक्यूटिव ट्रस्टी के. जनार्दन शर्मा, प्रदीप श्रीवास्तव, धीरेन्द्र सिंह, राजीव मिश्रा सहित तमाम महिलाएं उपस्थित रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद