समाधान दिवस में फरियादियों की लगी कतार, डीएम के सख्त तेवर- लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 




- समाधान दिवस में आईं 92 शिकायतें

मीरजापुर, 02 मई (हि.स.)। लालगंज तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने जन शिकायतों को सुनते हुए अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर संतुष्टिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

समाधान दिवस में कुल 92 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 04 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को पारदर्शिता के साथ निस्तारण के निर्देश के साथ भेजा गया।

हर्रा निवासी कुसुम ने शिकायत की कि परिजन की मृत्यु के बाद भी बैंक से धनराशि पाने के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस पर डीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं आशा कार्यकर्ता संघ की संरक्षक मनोकामना मिश्रा ने ड्रमंडगंज पीएचसी में चिकित्सकों की अनियमित उपस्थिति का मुद्दा उठाया, जिस पर जांच के निर्देश दिए गए।

राजपुर निवासी छोटेलाल ने थाने में खड़ी मोटरसाइकिल छुड़ाने की मांग की, जबकि लता देवी ने बिजली बिल संशोधन के लिए प्रार्थना पत्र दिया। संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में राजस्व, विद्युत व अतिक्रमण से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस आयोजित हुआ। सदर तहसील में 154 में से 15, मड़िहान में 79 में से 5 और चुनार में 71 में से 4 मामलों का निस्तारण किया गया।

कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आईजीआरएस, मुख्यमंत्री पोर्टल व अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के गंभीर व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील लालगंज में भी संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में समाधान दिवस संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा