जमीन के झगड़े लेकर थाने पहुंचे फरियादी, मंडलायुक्त ने लगाई अफसरों की ड्यूटी

 


मीरजापुर, 08 अगस्त (हि.स.)। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को जिले के सभी थानों और कोतवालियों में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। विंध्याचल थाने में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामले का निस्तारण कराया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार थाना और तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों में आपसी सुलह-समझौते से विवाद का समाधान संभव हो, उनमें पुलिस और राजस्व की टीम मध्यस्थता कर निस्तारण सुनिश्चित करे। प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निस्तारण के बाद यदि कोई दबंग व्यक्ति फरियादी को डराने या धमकाने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न हो, बल्कि मौके पर समस्या का स्थायी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा