मंडलायुक्त की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों पर जोर, लापरवाही पर सख्त चेतावनी

 


मीरजापुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। विन्ध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, निर्माणाधीन परियोजनाओं, राजस्व कार्यों और नदियों के पुनरोद्धार की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं में तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराए जाएं।

समीक्षा के दौरान सीएम डैशबोर्ड के अधिकांश विकास मदों में मंडल को ए श्रेणी मिलने पर संतोष जताया गया, लेकिन बी और सी श्रेणी वाले विभागों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार लाने की सख्त हिदायत दी गई। मंडलायुक्त ने कहा कि अगले माह तक प्रगति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय है।

राजस्व कार्यों और जन शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई पर भी उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने और शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर समीक्षा करते हुए उन्होंने अधूरी योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने और तकनीकी परीक्षण के बाद ही हस्तांतरण करने को कहा। हर घर जल और पीएम सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई गई।

मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर जनसमस्याएं सुनने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि अनुपस्थिति मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा