छात्राओं के बीच पहुंचे मंडलायुक्त और डीआईजी, खुद चखा खाना
- बोलीं छात्राएं- पढ़ाई अच्छी, मॉक टेस्ट की जरूरत
मीरजापुर, 22 अगस्त (हि.स.)। आश्रम पद्धति विद्यालय मड़िहान में शनिवार को उस समय छात्राओं में उत्सुकता बढ़ गई, जब मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश और पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने सिर्फ कागजी व्यवस्थाएं नहीं देखीं, बल्कि भोजनालय पहुंचकर खाने की गुणवत्ता परखी और छात्राओं से सीधे बातचीत कर पढ़ाई व सुविधाओं का हाल जाना।
मंडलायुक्त ने भोजनालय में बैठने की व्यवस्था, थाली-बर्तनों की सफाई और आरओ वाटर की उपलब्धता देखी। उन्होंने स्वयं भोजन चखकर गुणवत्ता परखी। किचन और स्टोर में दाल, चावल, आटा, तेल, मसाले व अन्य सामग्री की गुणवत्ता और स्टॉक रजिस्टर भी जांचा। सब्जियां ताजी मिलने पर मेन्यू के अनुसार पौष्टिक और गरम भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रसोइयों को टोपी, एप्रन और दस्ताने पहनने तथा किचन में जाली लगाने को कहा।
इसके बाद अधिकारियों ने बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। कमरों में बेड, पंखे, लाइट और अलमारी से लेकर बाथरूम व शौचालयों की व्यवस्था देखी। कुछ शौचालयों में नल टपकता मिलने पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। सुबह-शाम सफाई, पर्याप्त सेनेटरी नैपकिन, साबुन और डिटर्जेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
विद्यालय में अनुसूचित जाति की 100 से अधिक छात्राएं रहकर नीट और जेईई की निशुल्क तैयारी कर रही हैं। कक्षाओं में पहुंचकर अधिकारियों ने छात्राओं से पढ़ाई का फीडबैक लिया। छात्राओं ने पढ़ाई ठीक चलने की बात कही, लेकिन फिजिक्स और केमिस्ट्री के लिए अतिरिक्त मॉक टेस्ट व किताबों की जरूरत बताई।
इस पर मंडलायुक्त ने लाइब्रेरी में एनसीईआरटी के साथ कोचिंग मॉड्यूल और सैंपल पेपर उपलब्ध कराने तथा हर रविवार फुल सिलेबस टेस्ट कराने के निर्देश दिए। कमजोर छात्राओं के लिए अलग से अतिरिक्त कक्षाएं लगाने को कहा।
डीआईजी पूनम ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आप डॉक्टर और इंजीनियर बनेंगी तो पूरे समाज की तस्वीर बदलेगी। अनुशासन और मेहनत सफलता की कुंजी है। उन्होंने सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने और हेल्पलाइन नंबर प्रमुख स्थानों पर चस्पा कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और महिला सुरक्षाकर्मियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। बिना पास किसी पुरुष कर्मचारी के बालिका छात्रावास में प्रवेश पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा