मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय : महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि 25 सितंबर तक बढ़ी
- कुलपति ने शासन के कैलेंडर का पालन करने के दिए निर्देश, चार वर्षीय पाठ्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा
मीरजापुर, 16 सितंबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय से संबद्ध मीरजापुर और सोनभद्र के महाविद्यालयों के प्रबंधकों व प्राचार्यों की बैठक बुधवार को कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रवेश, परीक्षा, पाठ्यक्रम और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। छात्रहित को देखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि 25 सितंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
कुलपति ने कहा कि शासन की ओर से निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर का अक्षरश: पालन किया जाए। प्रवेश, पठन-पाठन और परीक्षा संबंधी गतिविधियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित हों। उन्होंने कहा कि किसी पात्र विद्यार्थी को प्रवेश से वंचित न किया जाए और प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी व व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाए। महाविद्यालयों के प्रबंधकों और प्राचार्यों ने अपनी समस्याएं भी विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने रखीं। कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कुलसचिव राम नारायण को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
चार वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए तैयारी तेज
बैठक में सत्र 2026-27 से लागू होने वाले चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. देवेंद्र पांडेय ने पाठ्यक्रम की संरचना और महाविद्यालयों में आवश्यक शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने संस्थानों से समय रहते जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा।
निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा
बुधवार को कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता देखी तथा संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। कुलपति ने निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने, भवन को पूरी तरह सुसज्जित कर विश्वविद्यालय को सौंपने, परिसर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वित्त अधिकारी और कुलसचिव मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा