कोडीन सिरप तस्करी मामला : वांटेड शुभम जायसवाल की पत्नी वैशाली के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
वाराणसी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कोडिन कफ सिरप तस्करी मामले में वाराणसी जनपद न्यायालय ने वांटेड शुभम जायसवाल की पत्नी वैशाली जायसवाल उर्फ वैशाली पोसवानी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। न्यायालय ने कोतवाली पुलिस को निर्देश दिया है कि आराेपित वैशाली को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाए।
वाराणसी कोतवाली थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने साेमवार काे कहा कि वैशाली के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी हुआ है। न्यायालय के आदेश के क्रम में
पुलिस की दो टीमें वैशाली की तलाश में लगाई गई हैं। न्यायालय के अधिपत्र में वैशाली का पता आदमपुर थाना क्षेत्र के कायस्थ टोला और जगतगंज मोहल्ला में दर्ज हैं, जहां पुलिस टीमाें काे भेजा गया है। वहीं, वैशाली के रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि वांटेड शुभम और वैशाली दोनों साथ में ही फरार हैं। वैशाली के रिश्तेदारों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जल्द ही वैशाली काे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद