एक मंडप, 26 फेरे : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में सजे सपनों के घर

 


मीरजापुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज महुवरिया परिसर रविवार को वैवाहिक गीतों और मंगलध्वनि से गूंज उठा, जब समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 26 जोड़ों का विवाह भव्य आयोजन में संपन्न कराया गया। विकास खंड सिटी क्षेत्र के 15 अनुसूचित जाति एवं 11 अन्य पिछड़ा वर्ग के जोड़ों ने एक ही मंडप में सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की।

कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्र द्वितीय, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह योजना वरदान साबित हो रही है।

उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत प्रति जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाते हैं। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाएंगे। वहीं 25 हजार रुपये की विवाह सामग्री—कपड़े, बिछिया, चांदी की पायल व गृहस्थी का सामान प्रदान किया गया। शेष 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए। नवविवाहित जोड़ों के चेहरे पर नई उम्मीद की चमक थी। परिजन ने सरकार की इस पहल की सराहना की और इसे जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा