मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी में करेंगे पोषण माह का शुभारंभ, कुछ ही देर में पहुंचेंगे

 


— पिंडरा ब्लाक में दस हजार महिलाओं को सम्मानित करेंगे, बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाएंगे

वाराणसी, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी पहुंच रहे हैं। वह सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रदेशव्यापी पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कुछ ही देर में कार्यक्रम स्थल पहुंच जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सुपोषित भारत’ के विजन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी करेंगी। प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है।

कार्यक्रम के दौरान चार प्रमुख थीम—आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन—को प्रमुखता से आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश मंगलवार रात ही जारी कर दिए थे। मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात डायवर्जन भी लागू किया गया है।

पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री श्री कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह सर्किट हाउस लौटेंगे।

मुख्यमंत्री बाद में बाबतपुर स्थित आशा एजुकेशन ग्रुप में आयोजित कामकाजी महिला सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यहां पिंडरा ब्लॉक की करीब 10 हजार महिलाओं को सम्मानित किए जाने का कार्यक्रम है। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी