मुख्यमंत्री योगी ने होली पर्व पर 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को दिया सब्सिडी का उपहार, 1500 करोड़ रुपये वितरित

 


- उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही हमारा परिवार है : योगी आदित्यनाथ-हमारी सरकार महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तीकरण पर काम कर रही है : मुख्यमंत्री

लखनऊ, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार काे लखनऊ में होली पर्व पर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को बड़ा उपहार देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से गैस सिलिंडर रीफिल सब्सिडी की 1,500 करोड़ की धनराशि वितरित की । लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 10 महिला लाभार्थियों को प्रतीक स्वरूप चेक प्रदान किए और कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी डिजिटल माध्यम से जुड़े।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना संबोधन प्रदेशवासियों को होली की बधाई देकर शुरु किया और कहा कि होली पर्व समता का पर्व है । इस पर्व में न कोई बड़ा न कोई छोटा हाेता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार ने यह योजना 2022 में शुरू की थी। इसी कड़ी में आज 1500 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई गई है। लाभार्थी होली के पहले या होली के बाद अपने नजदीकी एजेंसी से भरा हुआ सिलिंडर फ्री में ले सकते हैं। योजना का लाभ सबको देने का एक ही मंत्र है 'सबका साथ सबका विकास'। उज्जवला परिवार काे 09 सिलिंडर पर पहले से मोदी सरकार सब्सिडी दे रही है और अब होली पर हम फ्री भरा हुआ सिलेंडर दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि आयुष्मान कार्ड से पांच लाख तक का कैशलेस इलाज मिलता है। शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मियों को भी इससे जोड़ा गया है। समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले माफिया शासन चलाते थे। पर्व के पहले उपद्रव हो जाते थे और फिर कर्फ्यू लग जाता था लेकिन आज स्थिति बिल्कुल बदल गर्ई है और देश - दुनिया का हर बड़ा निवेशक उत्तर प्रदेश आना चाहता है।

हमारे लिए पूरा प्रदेश परिवार है- सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तीकरण पर काम कर रही है। ब्रजेश पाठक ने सर्वाइकल कैंसर से लड़ रही बेटियों के लिए व्यवस्था की। 2100 रुपये का इंजेक्शन अब 300 रुपये में मिलेगा। पहले के लोगों के लिए उनका परिवार की प्रदेश था और परिवार पूरे प्रदेश को नोचने के लिए जुटा रहता था हमारे लिए पूरा प्रदेश परिवार है। हाल ही में प्रस्तुत किए गए उत्तर प्रदेश के बजट की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी का कार्यक्रम हो या सीमार्ट। महिलाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। महिला उद्यमी जो भी उत्पाद बनाएंगी उसकी बिक्री की समुचित व्यवस्था की जा रही है; महिला उत्पाद विपणन केंद्र के माध्यम से बेचे जाएंगी;मुख्यमंत्री महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए ब्याजमुक्त ऋण दे रही है;सुमंगला योजना समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार से जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में पहले महिला श्रम बल पहले 13 फीसदी थी लेकिन अब सुरक्षा का माहौल होने से यह बढ़कर 36 फीसदी हो गया है।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाद में एक लाख की मदद दी जाती है। आज सरकार हर बेटी का कन्यादान करने के लिए तैयार है। राशन की दुकानों में पहले ई-पॉश मशीनें नहीं थीं, आज ई-पॉश मशीनों से पारदर्शिता आई है। यह दुकानें नशा का सामान छोडकर हर प्रकार की वस्तु का विक्रय कर सकती हैं। आज गांव की बेटी गांव में ही बीसी सखी के रूप में काम कर रही हैं। गांव में कई प्रकार के रोजगार की सुविधाएं दी जा रही हैं। पर्व उत्साह के होता हैं। इस मौके पर आपसी भेदभाव दूर करने वाले कार्यक्रम होने चाहिए।

इसके पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि होली पर सब गिले शिकवे भुला देते हैं। उन्होंने योगी सरकार में चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पूछा कि इनका लाभ आप लोगों को मिल रहा है या नहीं । कार्यक्रम में लोगों ने कहा हां लाभ मिल रहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की शुरुआत की थी ताकि महिलाओं को खाना बनाते समय धुएं की परेशानी न उठानी पडी जैसी उन्होंने बचपन में अपनी मां की परेशानी देखी थी। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ से अधिक लोगों को इस योजना का सिलिंडर मिला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में माताएं-बहनें स्टार प्रचारक की भूमिका निभाएं ताकि सपा सरकार वाला गुंडाराज वापस न आने पाए।

इस कार्यक्रम में लखनऊ की महापाैर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बाेरा, जय देवी, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि और लाभार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह