प्रदेश में बारिश से हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी सख्त, प्रभावित परिवारों को 24 घंटे में मुआवजा देने का निर्देश
-प्रभावित परिवारों से संवाद बना अधिकारी उपलब्ध करवाए हर संभव सहायता- मुख्यमंत्री
-कई नदियों का जलस्तर चेतावनी निशान से ऊपर बह रहा है।
लखनऊ, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में हो रही भारी बारिश से हुई जनहानि, पशुहानि और संपत्ति के नुकसान का संज्ञान लिया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को अधिक बारिश और बिजली गिरने से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के अंदर मुआवजा देने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित लोगों के संपर्क में रहने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। इसके साथ ही उन्हाेंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि बिजली गिरने के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। साथ ही भारी बारिश के समय नदियों और जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले 03 घंटों में कई जनपदों के इलाके में तेज़ हवाओं (30-40 किमी/घंटा, झोंकों के साथ 50 किमी/घंटा तक) और बिजली कड़कने के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की बहुत संभावना के ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनियमित बारिश को लेकर हाई लेवल समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने कम बारिश वाले क्षेत्रों में सूखे की स्थिति और ज्यादा बारिश वाले इलाकों में बाढ़ की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को तैयार रहने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि चाहे बाढ़ हो या सूखा, हर नागरिक की सुरक्षा, किसानों की फसलों की सुरक्षा और आम लोगों की आजीविका की रक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जिलों की स्थिति के अनुसार राहत और बचाव की रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।
कई जिलों में रेड अलर्ट जारी
प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। कई नदियों का जलस्तर चेतावनी निशान से ऊपर बह रहा है। प्रभावित इलाकों में बागपत और गौतमबुद्ध नगर-नोएडा में हिंडन नदी, बदायूं में गंगा नदी, अयोध्या और बलिया में घाघरा नदी और कुशीनगर में गंडक नदी शामिल हैं।
सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कम बारिश वाले जिलों में खेती प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नहरों, तालाबों, सरकारी ट्यूबवेल और सिंचाई के अन्य साधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा है।
इन जिलों में अलर्ट जारी
बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं समेत कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, कानपुर देहात, अयोध्या, सहारनपुर, आगरा, मैनपुरी, इटावा, बिजनौर, मुरादाबाद समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, कानपुर नगर, लखनऊ, रायबरेली, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, झांसी, ललितपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह