सुलतानपुर में मुख्यमंत्री योगी का कांग्रेस व सपा पर प्रहार, कहा—राम भक्तों पर गोली चलाने वाले आज आस्था की बात कर रहे
-सुलतानपुर में 819 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 99 विकास परियोजनाओं की दी सौगात
सुलतानपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार काे सुलतानपुर में 819 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 99 विकास परियोजनाओं की दी सौगात दी और जनसभा काे संबाेधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी काे हिंदू विराेधी करार देते हुए जमकर प्रहार किया। उन्हाेंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य को समाजवादी और कांग्रेस ने बीमारू राज्य बना दिया था । आज समाजवादी और कांग्रेस ने हमारे पावन अयाेध्या धाम को निशाना बना कर राजनीति कर रहे हैं, जबकि दुनिया जानती है कि रामद्रोही आचरण करने वाले समाजवादी पार्टी की सरकार में राम भक्तों पर गोली चलाई गयी थी लेकिन ये लाेग आज सनातनी लाेगाें पर आराेप लगाते हुए आस्था के बारे में बता रहे हैं।
बूंदाबांदी के बीच सुलतानपुर के विवेकनगर स्थित जी आई सी मैदान मे आयोजित जन सभा को संबाेधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि अच्छे लोग चुनते है तो अच्छी सरकार चुनती है और जब अच्छी सरकार बनती है तो तेजी के साथ प्रगति होती है और तेजी से प्रगति होती है तो हर नागरिक का विकास होता है । इसलिए आज पूरे उत्तर प्रदेश में विकास हाे रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में हो रही घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ट्रस्ट ने लिखा कि चढ़ावा चोरी की अखबारों में और मीडिया में खबर आ रही हैं, उसकी जांच एस आई टी गठित करके जांच की जाए और यह काम हाे रहा है। लेकिन कुछ राम द्राेही नेता इस पर राजनीति कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकरण में शामिल लाेगाें काे कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।
उन्हाेंने वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि एक जिला एक माफिया का राज था और अपराधियाें से समाज सहमा रहता था। हालात ऐसे थे कि देख सपाई बिटिया घबराई। उन्हाेंने कहा कि अब प्रदेश में कानून का राज है। आज व्यापारियों को बहन बेटी को सुरक्षा देना हो तो आज उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। योगी ने कहा कि पहले यही पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री में खर्च होता था आज मंदिरों के सौंदर्यीकरण में खर्च हो रहा। आज सैकड़ों नौजवानों को जब नियुक्ति पत्र मिल रहा है तो उनके चेहरे की चमक बढ़ जाती है । उत्तर प्रदेश में पिछले 9 वर्षों में नौ लाख नौकरी दी गई जबकि एक ही परिवार के लाेगाें की जेब में नाैकरी चली जाती थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर सुलतानपुर एवं इसौली विधानसभा क्षेत्रों में 819 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 99 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्हाेंने राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ भी किया। इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, आयुष्मान कार्ड, सिलाई मशीन, आवास की चाबी, स्वीकृति-पत्र, प्रमाण-पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र भी वितरित किया। इसके पहले पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुँचने पर तेज बरसात शुरू हो गयी। पुलिस लाइन बाउंड्री के बाहर मोबाइल से वीडियो बनाने में युवा वर्ग उत्सुक दिखे ।
इस मौके पर प्रमुख रूप से शहर विधायक विनोद सिंह, जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, कादीपुर विधायक राजेश गौतम, सदर विधायक राजाबाबू उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक देव मणि द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल और बीजेपी नेता रामचंद्र मिश्रा, आलोक कुमार आर्य,डॉ राम जी गुप्ता,डॉ एम पी सिंह आदि रहे। इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्याेंं की समीक्षा की। इस अवसर पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम समेत सभी प्रशासनिक अधिकारी और जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त