रामभक्तों के खून से सना है सपा का इतिहास : मुख्यमंत्री

 


-समाज को बांटने की साजिश रचकर विकास प्रक्रिया को बाधित करती हैं सपा व कांग्रेस : मुख्यमंत्री-भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क सहित करीब 758 करोड़ रुपये की लागत वाले 24 विकास कार्यों का योगी ने किया लोकार्पण व शिलान्यास

गोरखपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब भी मौका मिला, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) ने भारतीय मानबिंदुओं पर कुठाराघात किया है। सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना हुआ है। जबकि, कांग्रेस की जब केंद्र में सरकार थी, तब उसने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर भगवान श्रीराम को मिथक और काल्पनिक साबित करने का कुत्सित प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा जाति के नाम पर समाज को बांटने की साजिश रचकर विकास प्रक्रिया को बाधित करती है। इनसे आमजन को सतर्क रहना होगा।

योगी शनिवार शाम गोरखपुर में भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क सहित करीब 758 करोड़ रुपये की 24 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री याेगी ने 697 करोड़ 49 हजार रुपये की लागत वाली पांच सड़कों का लोकार्पण और सड़क निर्माण एवं पर्यटन विकास से जुड़े, 60 करोड़ 63 लाख 96 हजार रुपये की लागत वाले 19 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। ये सभी कार्य पिपराइच विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हैं।

भटहट में फोरलेन सड़क का लोकार्पण करने के बाद, बांसस्थान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता है। समाज को जाति और वर्ग के नाम पर बांटने की साजिश विकास प्रक्रिया में बाधक बनती है। यही कार्य कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारें करती थीं। इसलिए उनसे विकास नहीं होता था। इन पार्टियों की सरकार में विकास की बजाय हिंदुओं का अपमान होता था। योगी ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब उसने सर्वोच्च न्यायालय में शपथ पत्र देकर भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को मिथक और काल्पनिक बताया था।’

योगी ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करती रही है। भगवान सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में जब तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को बुलाया गया, तब भी इसका विरोध कांग्रेस ने ही किया था। कांग्रेस के साथ सपा को भी कटघरे में खड़ा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘सपा के बारे में तो कहना ही क्या, सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा की सरकारों ने भारत की आस्था को अपमानित किया है। उनकी सरकारों में दंगे होते थे। पर्व-त्योहार प्रतिबंधित किए जाते थे। कांवड़ यात्रा रोकी जाती थी। आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा की डबल इंजन सरकार विरासत के संरक्षण और विकास के विजन के साथ आगे बढ़ रही है तो इसे कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पचा नहीं पा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने लोगों को विकास प्रक्रिया की महत्ता समझाते हुए कहा कि विकास ही अच्छे वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने लोगों को विकास के लिए एकजुट रहने की सीख देते हुए कहा कि यदि हम जातियों में बंटे तो इसकी कीमत वर्तमान और भावी पीढ़ी को चुकानी पड़ेगी।

विकास कार्यों की सौगात मिलने पर जनता को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जब अच्छे लोग चुने जाते हैं तो परिणाम भी अच्छे आते हैं। अच्छे परिणाम से खुशहाली का रास्ता बनता है। उन्होंने जनता से कहा कि आपने गोरखपुर में अच्छे ब्लॉक प्रमुख, अच्छे विधायक और अच्छा सांसद चुना तो विकास का सिलसिला निरंतर आगे बढ़ रहा है।

योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश और गोरखपुर में न तो विकास कार्य हो रहे थे और न ही जनता को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा था। तब यहां इंसेफेलाइटिस की बीमारी थी, पलायन और पिछड़ापन था। कमजोर, गरीब, महिला, किसान, नौजवान किसी तक शासन की योजना की पहुंच नहीं थी। जबकि अब डबल इंजन सरकार में तीव्रता से विकास हो रहा है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी को मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में विरासत और विकास का बेहतर समन्वय हो रहा है।

लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मोदी और योगी के नाम पर दिया गया वोट विकास की गारंटी है। यह बात जनता भी जानती है। इसलिए अब वह बार-बार भाजपा की ही सरकार चाहती है। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी समेत अन्य लाेग माैजूद रहे।

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को योगी ने किया सम्मानित

लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक, लैपटॉप आदि देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थी हलवाई रंजीत कुमार शर्मा व इंदु पासवान को टूलकिट, सीएम युवा योजना की लाभार्थी रूपकला को सिलाई सेंटर के लिए दाे लाख रुपये के ऋण का चेक सौंपा। इसी तरह उन्होंने ओडीओपी मार्जिन मनी योजना के लाभार्थी कृष्णा प्रजापति को रेडीमेड गारमेंट उद्यम के लिए 10 लाख रुपये, श्रम विभाग की तरफ से संचालित मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के लाभार्थी इंदल निषाद व राहुल कुमार को 56-56 हजार रुपये, निर्माण कामगार दिव्यांगता सहायता योजना के लाभार्थी स्वर्गीय हरिलाल के आश्रित विजय कुमार को दाे लाख 25 हजार रुपये का चेक वितरित किया।

सीएम बाल सेवा योजना की लाभार्थी अंजना पासवान व साक्षी गौड़ को मुख्यमंत्री के हाथों लैपटॉप, स्वयं सहायता समूह की लाभार्थियों विद्यावती व शोभा को समूह संचालन के लिए एक करोड़ 2 लाख 30 हजार रुपये के ऋण फंड का चेक, विद्युत सखियों किरन मौर्या, ज्ञानमती व निरंजली देवी को थर्मल प्रिंटर प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के लाभार्थी रमाशंकर को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए चार लाख रुपये और अशोक कुमार को स्ट्रॉ रीपर (भूसा मशीन) के लिए 75 हजार रुपये की अनुदान राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया।

मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

जनसभा को संबोधित करने से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांसस्थान स्थित वामंत माता मंदिर में दर्शन, पूजन किया। उन्होंने माता की आराधना कर लोक मंगल और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि की प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय