कट्टरपंथ के विरोधी संत कबीर को हिंदुओं ने पूजा, मुसलमान उन्हें दूर से छूना भी नहीं चाहते : मुख्यमंत्री याेगी

 


-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खलीलाबाद व मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र में 684 करोड़ से अधिक की 201 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास

-राहुल व अखिलेश की हास्यास्पद बातें उन्हें खड़ा करती हैं कठघरे में, आंकड़े खुद बताते हैं देश में आए बदलाव की कहानी

-मुख्यमंत्री ने आईआईटी, आईआईएम, पीएम कौशल विकास केंद्र, एम्स, एमबीबीएस, मेडिकल पीजी सीटों व रोजगार के आंकड़ों से दिखाया विपक्ष को आईना

संत कबीरनगर, 11 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संत कबीरनगर में खलीलाबाद व मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र की 684 करोड़ से अधिक लागत की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। उन्हाेंने आमजन को आश्वस्त किया कि आप डबल इंजन सरकार को आशीर्वाद दीजिए, विकास कार्यों में कमी नहीं होगी। इसके बाद उन्होंने बेबाकी से संत कबीर के प्रति दो पक्षों की धारणा रखी। कहा कि निर्गुण धारा के संत कबीर ने जितना मुस्लिम कट्टरपंथ के खिलाफ कहा, उतना ही हिंदु कट्टरपंथ के खिलाफ भी कहा, लेकिन हिंदुओं ने उन्हें पूजा जबकि मुसलमान उन्हें दूर से भी नहीं छूना चाहते।

संत कबीर दास की वाणी कर रही समाज का मार्गदर्शन

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह जनपद संत कबीर के नाम पर है। उन्होंने जाति-पाति फैलाने वालों पर कड़ा प्रहार करते हुए समाज को बांटने वालों से सावधान किया था। यही कारण है कि सैकड़ों वर्ष बाद उनकी वाणी आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रही हैं। संत कबीर दास पाखंड के खिलाफ लड़ने के लिए मगहर आए थे। लोगों में मान्यता थी कि मगहर में मरने पर नर्क मिलता है, लेकिन उन्होंने कहा कि स्वर्ग और नर्क कर्मों पर निर्भर करता है। अच्छे कर्म, लोककल्याण, सदाचार, कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले को कहीं भी स्वर्ग प्राप्त हो सकता है। उन्होंने साबित किया कि यह भी स्वर्ग पाने की भूमि है।

आंकड़ों के साथ बताई देश में आई प्रगति

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी व अखिलेश यादव को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पता नहीं ये लोग पढ़े-लिखे भी हैं या नहीं। इनकी हास्यास्पद बातें ही इन्हें कठघरे में खड़ा करती हैं। आंकड़े खुद देश में विकास व बदलाव की कहानी बताते हैं। 2014 के पहले देश में 16 आईआईटी थे, आज 23 हैं (44 प्रतिशत बढ़ोतरी)। आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 हो गई (69 फीसदी की बढ़ोतरी)। 2014 के पहले प्रधानमंत्री कौशल विकास जैसी व्यवस्था अस्तित्व में ही नहीं थी। आज देश भर में 600 केंद्र संचालित हैं। राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन के माध्यम से अनवरत नेटवर्क को बढ़ाने का काम हो रहा है। 2014 से पहले 7 एम्स थे, आज 23 हैं। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 431 से बढ़कर 818 हो गई (93 फीसदी की वृद्धि), एमबीबीएस की सीटें 51,348 से बढ़कर 1,28,926 हो गईं (151 प्रतिशत की वृद्धि)। मेडिकल कॉलेज की पीजी सीटें 2014 से पहले 31,185 थीं, आज 85,822 हैं यानी 175 फीसदी की वृद्धि। 1947 से 2014 तक देश में 47.15 करोड़ रोजगार का सृजन हुआ। मोदी सरकार में 17.18 करोड़ की वृद्धि के साथ यह आंकड़ा 64.33 करोड़ तक पहुंचा है। 2014 से पहले 500 से भी कम स्टार्टअप थे, अब 2.23 लाख से अधिक हैं। देश में स्टार्टअप का नया ईको सिस्टम तैयार हुआ है। 2014 तक देश में चार यूनिकॉर्न थे, आज इनकी संख्या 125 हुई है।

केवल राजनीति कर रहे अखिलेश व राहुल

मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि अखिलेश व राहुल गांधी केवल राजनीति कर रहे हैं। 2014 के पहले इनके दलों ने मेडिकल कॉलेज बनाने में रुचि ही नहीं ली तो बच्चा प्रवेश कहां ले पाता। इनके समय में नौकरियों में डकैती पड़ती थी, लेकिन अब युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ तो संपत्ति जब्त करने के साथ ही आजीवन कारावास की सजा दिलाएंगे। यहां भी जीरो टॉलरेंस की नीति दिखेगी। हमारे पास डेमोग्रोफिक डेविडेंट के रूप में 56-60 फीसदी युवा शक्ति है। इसकी स्किलिंग के लिए डबल इंजन सरकार ने कार्य को बढ़ाया। युवाओं की स्किलिंग, रोजगार, स्टार्टअप का इको सिस्टम, आईआईटी, एम्स, मेडिकल कॉलेज, स्किल डेवलपमेंट सेंटर युवाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के माध्यम बने हैं।

मुख्यमंत्री ने दी सावन की शिवरात्रि की बधाई

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को सावन की शिवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी शिवालयों में भारी भीड़ है। संतकबीरनगर में तामेश्वरनाथ धाम, मेरठ में बाबा औघड़नाथ, गाजियाबाद में दूधेश्वर महादेव मंदिर, बागपत में पुरा महादेव, वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम, मार्कंडेय महादेव मंदिर में लाखों श्रद्धालु देवाधिदेव महादेव पर जलाभिषेक कर श्रद्धा निवेदित कर रहे हैं।

बदलते यूपी की कहानी कह रहा बदलता संतकबीरनगर

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने मगहर में संत कबीर एकेडमी का निर्माण, सौंदर्यीकरण किया है। संत कबीर से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर शोध बढ़ाए गए। बदलता संतकबीरनगर बदलते उत्तर प्रदेश की कहानी कह रहा है। विकास के कार्यों से आमजन के जीवन में परिवर्तन लाना और क्षेत्र, विकास खंड, विधानसभा क्षेत्र और जनपद का विकास कराना हमारे जनप्रतिनिधियों का भाव है। हम आमजन के जीवन में प्रगति लाते हुए समृद्धि के नए सोपान को छूते हुए आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश के सारथी बनेंगे, जिससे 2047 के पहले देश विकसित व आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को साकार कर सके।

अब लखनऊ से ही देख लेता हूं यहां की सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले के बिगड़े माहौल पर चर्चा करते हुए कहा कि त्योहारों के समय कभी खलीलाबाद, मेंहदावल, धनघटा में दुर्गापूजा पंडाल, मूर्ति विसर्जन, रामनवमी की शोभायात्रा को बढाने के लिए आना पड़ता था, लेकिन अब लखनऊ से ही देखता हूं कि पंडाल व मूर्ति सुरक्षित है। अब बेटी-व्यापारी को गुंडा परेशान नहीं कर सकता, क्योंकि उसे पता है कि वह जेल जाएगा या जहन्नुम। पैसा पहले भी था, लेकिन वह संत कबीर एकेडमी के लिए नहीं, बल्कि कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल पर खर्च होता था।

जल्द होगा बैजूनाथ मंदिर का विकास

उन्हाेंने कहा कि हमारी देवाधिदेव के प्रति आस्था है। हम विरासत का सम्मान करते हैं, इसलिए तामेश्वर नाथ कॉरिडोर की बात हो रही है। प्रभावित लोगों को मुआवजा देने के साथ ही हम उन्हें बसाने की भी व्यवस्था करेंगे। उनका सहयोग मिला तो भावी पीढ़ी के लिए उत्तम धाम का निर्माण होगा। हमने धर्मार्थ कार्य विभाग से कहा कि जल्दी से प्रस्ताव मंगाकर क्षतिग्रस्त हुए बैजूनाथ धाम मंदिर के लिए कार्य कराएं। यह कार्य आपकी आस्था को सम्मान कराने वाली सरकार ही करा पाएगी। जिनके मन में सम्मान का भाव नहीं है, वे छात्रवृत्ति हड़पने के साथ ही विकास कार्यों, नौजवान की नौकरी में लूट और किसानों की योजनाओं में भ्रष्टाचार करते थे।

लैंडबैंक तैयार होते ही संत कबीरनगर में बनेगा विकास प्राधिकरण

मुख्यमंत्री ने सपा व कांग्रेसियों को आईना दिखाते हुए कहा कि 09 वर्ष में संत कबीरनगर में 95000 परिवारों को आवास मिला। साढ़े तीन लाख गरीबों के घर में शौचालय बने। 3 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि मिली। वृद्धावस्था, दिव्यांगजन, निराश्रित महिला पेंशन का लाभ मिल रहा है। प्रदेश में 1.10 करोड़ परिवारों को सुविधा मिल रही है। सड़कें, बाईपास, बस स्टेशन, बहराइच से बांसी होते हुए खलीलाबाद तक बनने वाली रेल लाइन, ये सब विकास के आधार हैं। इससे बेहतर कनेक्टिविटी होगी। जैसे ही लैंडबैंक तैयार होगा, वैसे ही संत कबीरनगर में विकास प्राधिकरण का गठन होगा।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, विधायक अंकुर राज तिवारी, अनिल त्रिपाठी, गणेश चंद्र चौहान, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, संतोष सिंह, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ल, इंद्रजीत मिश्र, प्रवीण निषाद, जिला पंचायत प्रशासक बलिराम यादव, भाजपा की जिलाध्यक्ष नीतू सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह