बाबा साहब के सपनों का भारत बनाने के लिए आजीवन समर्पित रहे राम विलास पासवान: मुख्यमंत्री योगी

 


लखनऊ, 08 अक्टूबर (हि.स) प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित एक होटल में आयोजित पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में शामिल हुए। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 50 वर्ष पहले देश की राजनीति में एक ऐसे युवा नेता का उदय हुआ, जो समय के साथ दलितों, शोषितों और वंचितों की प्रखर आवाज बने। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता जनार्दन ने उन्हें बहुत सम्मान दिया और देश में सबसे अधिक मतों के रिकॉर्ड से जिताकर भारत की संसद में भेजा था। रामविलास पासवान ने आजीवन भारतीय राजनीति के माध्यम से सामाजिक चेतना को जगाने और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय पासवान के साथ संसद में बिताए अपने लंबे कार्यकाल को याद करते हुए कहा, मुझे संसद में उनके साथ काम करने का सौभाग्य मिला। उनके मन में भारत की सनातन परंपरा के प्रति गहरा श्रद्धा और सम्मान का भाव था।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि रामविलास पासवान ने बिना किसी भेदभाव के सामाजिक लड़ाई को आगे बढ़ाया। चाहे वह श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार हो या फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्रिमंडल, एक केंद्रीय मंत्री के रूप में उनका व्यवहार हमेशा बेहद सहज, स्नेही और सदाशयता से पूर्ण रहता था, जो हर किसी के हृदय को छू लेता था।

चिराग पासवान बढ़ा रहे हैं पिता के मिशन को आगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भले ही रामविलास पासवान जी की भौतिक अनुपस्थिति हमें खलती है, लेकिन यह बेहद संतोषजनक है कि उनके पुत्र और वर्तमान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपने पिता के उस अधूरे मिशन को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। चिराग पासवान आज एक केंद्रीय मंत्री के रूप में हर मंच पर देश के वंचितों और समाज की प्रखर आवाज बनकर लगातार काम कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन