नए भारत के निर्माण को समर्पित रहे हैं केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष : मुख्यमंत्री योगी

 




-केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर यूपी में 05 से 21 जून तक चलेगा व्यापक जनसंपर्क अभियान

-मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की

लखनऊ, 29 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में 05 जून से 21 जून तक विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की उपलब्धियों को समर्पित व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर मंत्रि परिषद एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और विकास की परिवर्तनकारी यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। केंद्र और राज्य सरकारों ने समन्वित प्रयासों से समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। अभियान के माध्यम से इन उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों से हुए व्यापक परिवर्तनों, उपलब्धियों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंत्रीगण अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में पर्याप्त समय व्यतीत करें तथा अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। समाज के विभिन्न वर्गों, प्रबुद्ध जनों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, उद्यमियों और व्यापारिक संगठनों के साथ व्यापक संवाद स्थापित किया जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 05 जून से 21 जून के मध्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 किलोमीटर की ‘प्रगति पथ यात्रा’ आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधि गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे, चौपाल लगाएंगे तथा ग्राम प्रधानों और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद स्थापित करेंगे। ग्राम्य विकास विभाग इस कार्यक्रम का समन्वय करेगा तथा सांसद एवं विधायक सक्रिय रूप से इसमें सहभागिता करेंगे।

मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को प्रबुद्ध जनों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों, व्यापारिक संगठनों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ वन-टू-वन संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रत्येक विकास खंड एवं नगरीय निकाय में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित गोष्ठियों का आयोजन किया जाए। प्रदेश को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि 08 जून से 14 जून तक जनसंपर्क अभियान, संवाद कार्यक्रम और पैदल मार्च आयोजित किए जाएंगे। 11 एवं 12 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम होंगे, जबकि इसके उपरांत मंत्रीगण जनपद स्तर पर मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। 13 एवं 14 जून को सांसद एवं विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में मीडिया संवाद के माध्यम से डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 14 से 16 जून के बीच प्रदेश के सभी विकास खंडों एवं नगरीय निकायों में जनकल्याण मेलों का आयोजन किया जाए। इन मेलों में केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएं। पात्र किन्तु वंचित लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाए। साथ ही आरोग्य मेले, पशु स्वास्थ्य मेले और अन्य जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन भी किया जाए। उन्होंने कहा कि 16 एवं 17 जून को जिला स्तर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएं। इनमें विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी अपने अनुभव साझा करें तथा प्रबुद्ध वर्ग, युवा, महिलाएं और सामाजिक संगठनों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि युवाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न स्थानों पर ऑन द स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष गोष्ठियां आयोजित कर किसानों, कृषि विशेषज्ञों तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को अभियान से जोड़ा जाए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सरकार की योजनाओं और विकास यात्रा से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया जाए। 18 एवं 19 जून को केंद्र सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा तथा विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी 825 विकास खंडों एवं 700 से अधिक नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार तक सीमित न रहकर जनता से सीधे संवाद स्थापित करने, लाभार्थियों तक पहुंचने, उनकी अपेक्षाओं को समझने तथा विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को सशक्त जनआंदोलन में परिवर्तित करने का प्रभावी माध्यम बनना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला