योगी सरकार ने पारंपरिक माटी कला को नई पहचान दिलाई : गोपाल अंजान
-विधान परिषद सदस्य रामगोपाल उर्फ गोपाल अंजान ने फीता काटकर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
मुरादाबाद, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के स्थापना के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड, मुरादाबाद द्वारा माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़ा के अंतर्गत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य रामगोपाल उर्फ गोपाल अंजान ने फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्हाेंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार पारंपरिक माटीकला को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और वित्तीय सहायता के माध्यम से इस क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर गोपाल अंजान ने माटीकला से जुड़े कारीगरों से बोर्ड की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी द्वारा उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने माटीकला टूल-किट्स वितरण योजना, माटीकला रोजगार योजना, माटीकला शिल्पकारी योजना तथा कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) योजना के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग तथा विपणन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जागरूकता कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए 200 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य माटीकला से जुड़े कारीगरों, शिल्पकारों एवं उद्यमियों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी कराया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ओमप्रकाश गोला प्रजापति (निवर्तमान अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड) उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगीता गौतम, अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ममता मालवीय, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के डीसी, रविन्द्र जैन तथा फाइन आर्ट विशेषज्ञ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल