मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फाजिल नगर का नाम पावागढ़ करने का किया ऐलान, कुशीनगर को दी 424 करोड़ रुपये की विकास कार्यों की सौगात

 


कुशीनगर, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को कुशीनगर पहुंचे। उन्होंने यहां 424 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 278 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। तमकुही राज कुशीनगर में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, चेक वितरण करते हुए उनसे सरकारी योजनाओं से जुड़ कर लाभान्वित होने का आह्रान किया। उन्हाेंने फाजिल नगर का नाम पावागढ़ करने का ऐलान करते हुए कहा नामकरण का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।

तमकुही राज में आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि यह भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की भूमि है। पहली बार आया हूं और इस भूमि को नमन करता हूं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों में बनाए जंगल राज का विस्तार से जिक्र किया। कहा कि यहां का किसान परेशान था, क्योकि वह मेहनत तो करता था लेकिन उसे उपज का दाम नहीं मिलता था। इतना ही नहीं सड़क, सुरक्षा, बिजली और अस्पताल नहीं थे। उन्होंने अपनी सरकार की आवास, राशन, आयुष्मान कार्ड, शौचालय समेत कई कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्हाेंने कहा कि फाजिल नगर का नाम पावागढ़ करने का प्रस्ताव बन गया है। हम लाेग फाजिल नगर क्याें कहेंगे। यह पावन भूमि है और इसका महत्व बनाए रखना जरूरी है।

इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सांसद रवि किशन, सांसद शंशाक मणि त्रिपाठी, विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, सावित्री जायसवाल, दुर्गेश राय, विवेकानंद पांडेय, विनय प्रकाश गौड, यूपी एग्रो के उपाध्यक्ष जगदीश मिश्र सहित बडी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री याेगी काे सुनने के लिए बड़ी संख्या में लाेग आए थे और इनमें महिलाओं व युवाओं की संख्या अधिक रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह