मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं
लखनऊ, 03 सितम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने सन्देश में मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानवता को धर्म, सत्य, न्याय और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन और श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से यह सन्देश दिया कि जब अधर्म और अन्याय बढ़ता है तब धर्म और सत्य की स्थापना के लिए दृढ़ता के साथ खड़ा होना आवश्यक है। उनका जीवन हमें कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और लोककल्याण के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परम्परा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में सत्य, न्याय, सद्भाव और करुणा की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी कारागारों, पुलिस थानों तथा रिजर्व पुलिस लाइन्स में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर भजन-कीर्तन, झांकी तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किए जाएं।
मुख्यमंत्री योगी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मन्दिरों एवं अन्य आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबन्धन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबन्ध समय से पूरा करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पर्व के दौरान कहीं भी अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध हो। आयोजन स्थलों पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला