मुख्यमंत्री जनता दर्शन की शिकायत पर एडीएम वित्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश

 




देवरिया, 21 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री जनता दर्शन में प्राप्त एक शिकायत के निस्तारण के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम शंकर ने मंगलवार को देवरिया जिले के भाटपाररानी तहसील के ग्राम सोहनपुर पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व अधिकारियों के साथ शिकायत की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

शिकायतकर्ता रामध्यान कुशवाहा ने मुख्यमंत्री जनता दर्शन में दिए गए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया था कि उनके पिता शिवबली के नाम आवंटित पट्टे की भूमि पर गांव के कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इसके कारण वह अपनी भूमि का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायत के बाद अपर जिलाधिकारी रामाशंकर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी भाटपाररानी एवं राजस्व विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसील स्तर से प्रस्तुत की गई आख्या का सत्यापन किया और मौके की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को सुनने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक