मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में आकाशीय बिजली हादसे पर जताया दुख, परिवार की हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

 


गोरखपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने रविवार काे गाेरखपुर में गुरु गोरक्षनाथ घाट पर आकाशीय बिजली गिरने से हुए हादसे का संज्ञान लिया है। हादसे में एक अधिवक्ता की मौत और एक अधिवक्ता के घायल होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हादसे में घायल लोगों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्चस्तरीय उपचार के लिए अन्य चिकित्सा संस्थान में भी भेजने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी लेते हुए प्रभावित परिवार को नियमानुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

आकाशीय बिजली गिरने से हुई अधिवक्ता आलोक अस्थाना की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया जाए और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए। साथ ही घायल अधिवक्ता को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा उपचार की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं सहायता संबंधी कार्रवाई तेज कर दी है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों तक समय से सहायता पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय