वर्ष 2017 से पहले सिर्फ 2 फॉरेंसिक लैब थीं, अब राज्य में 12 हैं : मुख्यमंत्री योगी

 


गोरखपुर, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के सीएसआर फंड से 144 छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास तथा साइबर फॉरेंसिक रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सिर्फ 2 फॉरेंसिक लैब थीं, लेकिन आज राज्य में 12 फॉरेंसिक लैब काम कर रही हैं और लखनऊ में एक विश्व स्तरीय फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट भी स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को तीन जिलाें का दाैर कर विभिन्न कार्यक्रमाें में हिस्सा लिया। उन्हाेंने सुबह बहराइच जिले में 136 परिवारों को मुख्यमंत्री आवास, शौचालय और आवास के लिए भूमि के पट्टों का वितरण किया । इसके बाद बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर पहुंचे और मां पाटेश्वरी की पूजन अर्चना की और इसके बाद गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में अत्याधुनिक साइबर फॉरेंसिक रिसर्च लैब का उद्घाटन किया। छ़ात्राओं के लिए हास्टल की भी नींव रखी।

इस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। यह हाई-टेक लैब एआई , डिजिटल फॉरेंसिक और डीएनए जांच की सुविधाओं से लैस है जो अपराधों की त्वरित जांच में पुलिस और छात्रों की मदद करेगी, जिससे प्रदेश में अपराध अनुसंधान को मजबूती मिलेगी। गोरखपुर की इस फॉरेंसिक लैब की मुख्य विशेषताओं में लैब में नेटवर्क फॉरेंसिक, मैलवेयर डिटेक्शन, और एआई-आधारित सॉफ्टवेयर की सुविधा है। इस लैब के माध्यम से स्मार्टफोन, टैबलेट और क्लाउड (गूगल ड्राइव/ड्रॉपबॉक्स) से डेटा रिकवरी संभव होगी।

ए-श्रेणी की फॉरेंसिक रिसर्च लैब

यह फॉरेंसिक रिसर्च लैब अब बी-श्रेणी से अपग्रेड होकर ए-श्रेणी की बन गई है, जहां डीएनए, बैलिस्टिक, और वॉयस एनालिसिस जैसी जांच हो सकेंगी। यह फॉरेंसिक रिसर्च लैब आपराधिक मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने और अपराधियों को समय पर सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर के छात्र भी इस लैब का उपयोग फॉरेंसिक अनुसंधान के लिए कर सकेंगे, जिससे उन्हें व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। समारोह में भाजपा नेताओं के अलावा स्थानीय अधिकारी और विश्वविद्यालय प्रशासन के जुडे उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने ली सांसद रवि किशन पर चुटकी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक हल्की-फुल्की टिप्पणी ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के सांसद रवि किशन को लेकर चुटकी लेते हुए इशारों में कहा कि भविष्य में इस सीट पर महिला प्रत्याशी भी दावेदारी कर सकती है। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय