(अपडेट) सपा सरकार में ‘सैफई सिंडिकेट’ की चलती थी मनमानी, कांग्रेस-सपा के झूठे नैरेटिव से रहें सतर्क : मुख्यमंत्री
गोरखपुर, 22 जुलाई (हि.स.)।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार काे गाेरखपुर में भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्षों को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का मंत्र देते हुए कहा कि चुनाव की वास्तविक लड़ाई बूथ पर लड़ी जाती है। उन्होंने बूथ को लोकतंत्र का सबसे मजबूत आधार बताते हुए कहा कि जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव जीतेगा। बूथ ही चुनाव का असली कुरुक्षेत्र है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि ये दल झूठ और भ्रम का नैरेटिव गढ़कर समाज को बांटने का प्रयास करते हैं। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे विपक्ष की शरारती साजिशों और भ्रामक प्रचार का बूथ स्तर पर तथ्यात्मक जवाब दें तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री याेगी बुधवार को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित गोरखपुर शहर एवं गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 892 बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने मिशन-2027 के लिए संगठनात्मक मजबूती और बूथ प्रबंधन पर विशेष फोकस किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान नौकरियों से लेकर सरकारी योजनाओं तक हर व्यवस्था पर सैफई सिंडिकेट का प्रभाव था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय योग्यता और पारदर्शिता की जगह परिवारवाद और जातिवाद को बढ़ावा दिया गया, जबकि भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव और पूरी पारदर्शिता के साथ युवाओं को अवसर दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का सिद्धांत झूठ को बार-बार बोलकर सच साबित करने का है, जबकि भाजपा सत्य, सेवा और राष्ट्रहित की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज में विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। उनके अनुसार समाज में सदैव दो प्रवृत्तियां रहती हैं—एक सत्य, विकास और लोककल्याण की तथा दूसरी असत्य, अराजकता और स्वार्थ की। भाजपा हमेशा सत्य, विकास और जनसेवा के पक्ष में खड़ी रही है।
कांग्रेस-सपा ने फैलाया भ्रम, भाजपा ने दिया सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एक लाख रुपये देने जैसे झूठे वादे किए और आरक्षण को लेकर भी गलत प्रचार किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास तथा सरदार वल्लभभाई पटेल को वास्तविक सम्मान भाजपा सरकारों ने दिया। सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा का निर्माण भी भाजपा सरकार की ही उपलब्धि है।
छात्रों और किसानों को भड़काने का आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर समाज को जातीय आधार पर विभाजित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले किसानों को भड़काने का प्रयास किया गया और अब छात्रों को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा समाज में अस्थिरता पैदा करने के लिए लगातार नकारात्मक राजनीति कर रही हैं, जबकि भाजपा विकास और सामाजिक समरसता के मार्ग पर आगे बढ़ रही है।
बूथ अध्यक्ष विपक्ष के भ्रम को करें बेनकाब
मुख्यमंत्री ने बूथ अध्यक्षों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर जनसंपर्क बनाए रखें और लोगों तक सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष फिर से झूठा नैरेटिव गढ़ने का प्रयास करे तो उसका तथ्यात्मक जवाब बूथ स्तर पर ही दिया जाना चाहिए। बूथ अध्यक्ष ही भाजपा की सबसे बड़ी संगठनात्मक ताकत हैं।
सीमा के सैनिकों जैसे हैं बूथ अध्यक्ष
मुख्यमंत्री ने बूथ अध्यक्षों की तुलना देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों से करते हुए कहा कि जैसे सैनिक देश की सुरक्षा करते हैं, वैसे ही बूथ अध्यक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था और संगठन की मजबूती के प्रहरी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बूथ स्तर की मजबूती के बल पर वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
गरीब कल्याण योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की छवि पूरी दुनिया में बदली है। आज भारत सम्मान और विश्वास के साथ देखा जाता है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने गरीबों तक बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों का जीवन बदला है।
उन्होंने बताया कि देश में 80 करोड़ तथा उत्तर प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले गरीब भूख से मरते थे, जबकि आज कोई पात्र व्यक्ति भूखा न रहे, इसके लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
नौ लाख युवाओं को मिली पारदर्शी सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। इसमें किसी प्रकार की सिफारिश, धनबल या जातिगत पक्षपात की कोई भूमिका नहीं रही। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश और गोरखपुर के युवाओं को बाहर सम्मान नहीं मिलता था, लेकिन आज प्रदेश की नई पहचान बनी है और यहां के युवाओं को पूरे देश में सम्मान मिल रहा है।
विरासत और विकास दोनों को मिला समान महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास, विंध्याचल धाम और नैमिषारण्य जैसे तीर्थस्थलों का विकास इसी सोच का परिणाम है।
सिक्सलेन फ्लाईओवर के लोकार्पण का दिया निमंत्रण
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में निर्मित सिक्सलेन फ्लाईओवर को शहर के विकास की बड़ी उपलब्धि बताते हुए गुरुवार को आयोजित होने वाले उसके लोकार्पण समारोह में सभी को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि यह फ्लाईओवर गोरखपुर की नई पहचान बनेगा और लोगों से अपील की कि वे यहां आकर सेल्फी लें तथा इसे सोशल मीडिया पर साझा करें।
वंदे मातरम् के साथ हुआ सम्मेलन का शुभारंभ
सम्मेलन का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ।
कार्यक्रम को सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने भी संबोधित किया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष शशिकांत सिंह, महामंत्री अच्युतानंद शाही, ओमप्रकाश शर्मा, मंत्री अजय श्रीवास्तव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, महानगर मीडिया प्रभारी चंदन आर्य सहित भाजपा महानगर इकाई के पदाधिकारी तथा गोरखपुर शहर के 457 एवं गोरखपुर ग्रामीण के 435 बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय