मुख्यमंत्री ने गांधी जयन्ती पर प्रदेशवासियों को दी बधाई
लखनऊ, 01 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयन्ती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्मृति को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के माध्यम से महात्मा गांधी के नेतृत्व में संचालित भारतीय स्वतंत्रता आन्दोलन विश्व इतिहास में अद्वितीय और प्रेरणादायी उदाहरण है।
महात्मा गांधी की जयन्ती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। सत्य, अहिंसा, शान्ति, सद्भाव और मानवता के उनके संदेश को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उनके विचार समूचे विश्व को शान्ति और सद्भाव की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने चरखे, खादी और स्वदेशी के माध्यम से स्वावलम्बन तथा श्रम की गरिमा को प्रतिष्ठित किया। ग्राम स्वराज की उनकी संकल्पना आत्मनिर्भर भारत की आधारभूमि से जुड़ी हुई है। पारम्परिक कारीगरी और हस्तशिल्प को प्रोत्साहन देने के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं गांधी जी के स्वावलम्बन और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी स्वच्छता को ईश्वर की आराधना के समान मानते थे। उन्होंने लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जनआन्दोलन का स्वरूप प्रदान किया है और स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के संकल्प को नई गति मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला