जब सनातन मजबूत होगा तो भारत मजबूत होगा, सनातन व भारत अलग-अलग नहीं -योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश, 27 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार काे बलरामपुर पहुंचे। यहां उन्हाेंने देवीपाटन मंदिर में आयोजित ब्रह्मलीन महंत महेंद्रनाथ योगी के 26वी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्हाेंने कहा कि भारत और सनातन को अलग नहीं किया जा सकता। सनातन मजबूत होगा तो भारत मजबूत होगा। दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं।
शुक्रवार काे मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नेशन फर्स्ट’ का नारा दिया है। राष्ट्र सर्वोपरि होना चाहिए और इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि किसान ईमानदारी से खेती करे, व्यापारी ईमानदारी से अपना व्यवसाय करे और समाज के प्रत्येक वर्ग का व्यक्ति पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करे। तभी राष्ट्र मजबूत होगा। परिणाम भाषणों से नहीं, बल्कि पुरुषार्थ से आते हैं।
ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने देवीपाटन शक्तिपीठ के विकास के लिए अनेक कार्य किए। सदियों से यह शक्तिपीठ समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है। ब्रह्मलीन महंत गोरखपुर से यहां आए थे। वहां जो भी विकास कार्य और व्यवस्थाएं देखते थे, उन्हें अपनी सामर्थ्य के अनुसार देवीपाटन में भी लागू करने का प्रयास करते थे। थारू जनजाति के विकास के लिए उनके द्वारा शुरू किया गया थारू छात्रावास आज भी सैकड़ों थारू बच्चों को निशुल्क शिक्षा और भोजन उपलब्ध करा रहा है। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशाला का विस्तार भी उनके प्रयासों का परिणाम है। देवीपाटन शक्तिपीठ में विकास के रूप में उनके कार्य आज भी दिखाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन महंत ने गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवैद्यनाथ से जो कुछ सीखा, उसे अपने कार्यों में उतारने का प्रयास किया। रामायण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सीता की खोज के दौरान हनुमान जी और मैनाक पर्वत के संवाद का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब मैनाक पर्वत ने हनुमान जी को विश्राम करने के लिए कहा तो उन्होंने उत्तर दिया, ‘राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहाँ विश्राम।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि हनुमान चालीसा और बजरंगबली के प्रति श्रद्धा प्रत्येक सनातनी के जीवन में विशेष स्थान रखती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने बड़ों के प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए। संतों, महापुरुषों और देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का जीवन प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत होना चाहिए।
उन्होंने युवा पीढ़ी से संतों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। कहा कि संतों की शिक्षाएं समाज को सही दिशा देने के साथ ही राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करती हैं।
तुलसीपुर पहुंचने पर देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी महाराज, विधायक पल्टूराम, विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक डॉ. मार्तंड प्रकाश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास, बलरामपुर हनुमानगढ़ी के महंत महेंद्र दास, गैसड़ी के पूर्व विधायक शैलेश सिंह शैलू, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, दद्दन मिश्रा, श्रावस्ती के विधायक राम फेरन पांडेय, धीरेंद्र सिंह धीरू, प्रवीण सिंह विक्की, कालीबाड़ी के महंत रवींद्र दास महाराज, हिसार (हरियाणा) से महंत विनोद नाथ, नेपाल से नारायण नाथ योगी, महंत जितेंद्र दास, सांसद अभिषेक प्रताप शाह और पचपेड़वा नगर पंचायत अध्यक्ष रवि वर्मा सहित अनेक संत-महात्मा एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय भ्रमण पर शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे देवीपाटन मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचकर उन्होंने मां पाटेश्वरी का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद शाम पांच बजे मंदिर परिसर स्थित गोरक्ष मंडपम सभागार में ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री शनिवार को मां पाटेश्वरी का दर्शन-पूजन करने के बाद देवीपाटन मंदिर से रवाना होंगे। ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी की 26वीं पुण्यतिथि पर देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी महाराज की देखरेख में 25 नवंबर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जो 30 नवंबर तक चलेगा। शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंतिम दिन 30 नवंबर को संत सम्मेलन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन