मुख्यमंत्री योगी ने नई दिल्ली में सीआईआई द्वारा आयोजित ‘एनुअल बिजनेस समिट-2026’ को सम्बोधित किया

 




लखनऊ, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विगत 11 वर्षों में देश ने बहुत आर्थिक प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में आर्थिक उन्नति के नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री ने देश की आजादी के शताब्दी महोत्सव के वर्ष में आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की परिकल्पना दी है। भारत आत्मनिर्भर तब बनेगा, जब राज्य आत्मनिर्भर होंगे। भारत की सबसे बड़ी आबादी का राज्य उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भरता के इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन के अनुरूप हम वर्ष 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।

मुख्यमंत्री सोमवार को नई दिल्ली में सीआईआई द्वारा आयोजित ‘एनुअल बिजनेस समिट-2026’ के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने सी0आई0आई0 बनारस कल्चरल फिनाले के वीडियो का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने एनुअल बिजनेस समिट में आए उद्यमियों को उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि आर्थिक समृद्धि का प्रत्यक्ष सम्बन्ध रोजगार सृजन से है। देश की वर्तमान की आर्थिक प्रगति में प्रधानमंत्री के नेतृत्व, एन0के0 सिंह जैसे अर्थशास्त्री के सुझाव तथा सी0आई0आई0 जैसे संगठनों के सहयोग की बड़ी भूमिका है। सभी उद्यमी प्रदेश की सम्भावनाओं को साकार करने में अपना योगदान दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। आज ही के दिन वर्ष 1951 में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के कर-कमलों से सोमनाथ महादेव के मन्दिर की पुनर्प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ था। आज ही के दिन अटल जी ने ‘ऑपरेशन शक्ति’ के अन्तर्गत पोखरण में परमाणु परीक्षण सम्पन्न किए थे, जिससे भारत की सामर्थ्य को दुनिया ने देखा था। यह क्षमता भारत की सामर्थ्य का प्रतीक तो है ही, साथ ही इसने विश्व मानवता के कल्याण का मार्ग भी प्रशस्त किया है। हमें यह याद रखना होगा कि जिसके पास शक्ति और सामर्थ्य होगा, वही करुणा और मैत्री का मार्ग प्रशस्त कर पाएगा।

किसी भी राष्ट्र की मैन्युफैक्चरिंग पावर जितनी सशक्त होगी, वह राष्ट्र आर्थिक पायदान पर उतनी ही उन्नति करेगा। हमने अलग-अलग क्षेत्र की नीतियां बनाकर प्रदेश की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को बढ़ाया है। उद्योग और उद्यमिता मजबूत होंगे, तो रोजगार, निवेश और समृद्धि स्वतः बढेंगी। दुनिया के अधिसंख्य संघर्षों और युद्धों के पीछे आर्थिक हित प्रमुख कारण रहे हैं। ऐसे में कोई भी देश अपने उद्यमियों की उपेक्षा नहीं कर सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश में निवेश की सम्भावनाओं को लेकर आशान्वित थे। इसके लिए व्यापक लैण्ड बैंक बनाया गया और एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र को पुनर्जीवित किया गया। अपने कार्यकाल की शुरुआत से ही हमने अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनायी। पहले उत्तर प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ की स्थिति थी। माफियाओं की समानान्तर सत्ता चलती थी। आज उत्तर प्रदेश में कोई भी माफिया इस प्रकार का दुस्साहस नहीं कर सकता। उत्तर प्रदेश में वर्तमान में कोई भी संगठित अपराध नहीं है। प्रदेश में सभी व्यापारी तथा उद्यमी सुरक्षित हैं। पहले कैराना से लोग भय के कारण पलायन कर रहे थे। हमारी सरकार आने के बाद इस स्थिति में परिवर्तन आया। किसी भी राज्य अथवा देश के विकास की पहली शर्त सुरक्षा है। यह हर व्यक्ति का अधिकार है।

सी0आई0आई0 के अध्यक्ष राजीव मेमानी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में “फिनोमिनल ट्रांसफॉर्मेशन” देखने को मिला है और उद्योग जगत अब यू0पी0 को पूरी तरह अलग नजरिए से देख रहा है। अब देश और विदेश के उद्योगपति उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं और मुख्यमंत्री योगी के आशीर्वाद व मार्गदर्शन से हम इस रास्ते को और मजबूत करेंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली की भी सराहना की। कार्यक्रम में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे और जेवर इण्टरनेशनल एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं का विशेष उल्लेख किया गया।

समिट में अयोध्या, श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकुम्भ जैसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रयागराज महाकुम्भ का सफल आयोजन उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक क्षमता और बड़े आयोजनों के कुशल प्रबन्धन का उदाहरण है।

इस अवसर पर 15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एन0के0 सिंह, प्रबन्ध निदेशक एवं सी0ई0ओ0 सेमटेल एवियोनिक्स श्री पुनीत कौरा, चेयरपर्सन आनन्द ग्रुप सुश्री अंजलि सिंह, हीरो इण्टरप्राइज के अध्यक्ष सुनीत कान्त मुंजाल, त्रिवेणी टर्बाइन लि0 के प्रबन्ध निदेशक निखिल साहनी, सह संस्थापक एवं प्रबन्धन निदेशक जुबिलेण्ट भरलिया ग्रुप एच0एस0 भरतिया, जे0के0 टायर इण्डस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक रघुपति सिंघानिया समेत सी0आई0आई0 से जुड़े अन्य उद्यमी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला