अब उत्तर प्रदेश बीमारु नहीं, प्रगति में देश के टॉप थ्री में से एक राज्य है : योगी आदित्यनाथ

 






बुलंदशहर, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर में 574 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 57 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश बीमारु राज्य नहीं देश के टॉप थ्री में से एक राज्य है और एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, एमएसएमई जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, जबकि वर्ष 2017 से पहले समाजवादी पार्टी सरकार के मंत्री भय और गुंडागर्दी के प्रतीक थे। प्रत्येक जिले में एक माफिया था, जिससे बहू बेटियों को घर से निकलना मुश्किल था, लेकिन अब अपराधियों के लिए दो ही रास्ते हैं एक जेल और दूसरा जहन्नुम का।

बुलंदशहर के नुमाइश मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में पहुंचते ही लोगों ने योगी-योगी के उद्घोष के साथ स्वागत किया। लोगों ने जय श्री राम और भारतामात की जय के नारे लगाए। मंच पर स्वागत सत्कार और लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयुष्मान योजना से लेकर गंगा एक्सप्रेसवे, जेवर एयरपोर्ट, बुलंदशहर में बाबू कल्याण सिंह मेडिकल कॉलेज की स्थापना से लेकर एक-एक कर अपनी सरकार की योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर की जनता ने सभी जनप्रतिनिधि जिताएं हैं, इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि बुलंदरशहर को विकास की नयी ऊंचाईयोंं तक ले जायं और यह काम यहां के सभी जनप्रतिनिधि बखूबी कर रहे हैं। किसानों को मुआवजे की बात हो या खुर्जा की पॉटरी की, सरकार ने हर स्तर पर कार्य करते हुए जहां किसानों को उनकी जमीन का भरपूर मुआवजा दिया है, वहीं खुर्जा की पॉटरी को दुनिया तक पहुंचाने का काम किया है।

पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी की सरकार पर प्रहार करते हुए उन्हाेंने कहा कि पहले नौकरियां सैफई परिवार तय करता था और वसूली होती थी लेकिन अब ऐसा नहीं है। पूरी पारदर्शिता के साथ चयन होता है तो बुलंदशहर का बेटा-बेटी भी नियुक्तिपत्र पाते हैं। पहले बहू बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा नहीं थी, लेकिन अब अपराधियों को मिट्टी में मिलाया जा चुका है और बहू-बेटियां सुरक्षित आ जा सकती हैं। व्यापारी अपना व्यापार कर रहा है और कोई वसूली नहीं होती है।

मुख्यमंत्री ने जनता से सीधा संवाद करते हुए कहा कि मैं पूछता हूं कि गंगा एक्सप्रेसवे कैसा बना है तो यहां से लखनऊ जाने वाले जनप्रतिनिधि और उद्यमी बताते हैं कि ग्लोबल स्टैंडर्ड का बना है। यह गंगा एक्सप्रेसवे केवल एक एक्सप्रेसवे नहीं है बल्कि उत्तर प्रदेश और देश की समृद्धि का प्रतीक है। आज प्रदेश में 50 लाख करोड़ रूपये से अधिक का निवेश आया है, जबकि पहले निवेश नहीं आता था। पहले उत्तर प्रदेश की सीमाओं की पहचान गड्डा और अंधेरा था लेकिन आज स्थिति पूरी तरह से बदल गयी है। इसलिए बुलंदशहर की जनता से आग्रह करता हूं कि वे जनप्रतिनधियों का अपना आशीर्वाद प्रदान करते रहें। भाजपा की डबल इंजन की सरकार विकास और विरासत और विकास के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है और आप आशीर्वाद देते रहिए और यह डबल इंजन सरकार विकास की गति को तेज करती रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर एवं सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों में 574 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, चेक, चाबी, थर्मल प्रिंटर, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, सब्सिडी, टूल किट एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए और कार्यक्रम में एक जिला-एक उत्पाद के स्टाॅलों का अवलोकन कर उद्यमियों का उत्साह बढ़ायाा।

इस कार्यक्रम में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर, बुलंदशहर के जिला प्रभारी मंत्री सुरेंद्र सिंह दिलेर, बुलंदशहर सांसद डा भोला सिंह, सदर विधायक प्रदीप चौधरी, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, स्याना विधायक देवेंद्र सिंह, सिंकदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह, डिबाई विधायक सीपी सिंह, अनूपशहर विधायक संजय शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष विकास चौहान, जिला प्रभारी बसंत त्यागी समेत सभी विधायक, सांसद मंचस्थ रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए उन्हें गदा, योगीराज कृष्ण की प्रतिमा भेंट की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ काे सुनने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लाेग उपिस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह