उत्तर प्रदेश ने बीते 9 वर्षों में हर क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की : विजय लक्ष्मी गौतम

 






देवरिया, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के “नवनिर्माण के 9 वर्ष” पूर्ण होने पर देवरिया जिले के विकास भवन में शुक्रवार को नौ दिवसीय श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विभाग विजय लक्ष्मी गौतम ने लाभार्थीपरक योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्हाेंने प्रेस वार्ता में प्रदेश व जनपद में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते 9 वर्षों में कानून व्यवस्था, सुशासन, निवेश और विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन नीतियों का प्रभाव देवरिया जनपद में सड़क, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण, आवास योजनाओं के तहत गरीबों को पक्के घर, हर घर जल योजना के माध्यम से पेयजल उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

उन्होंने किसान, युवा और महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं तथा कौशल विकास कार्यक्रमों से उन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक