माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं, सुरक्षित माहौल में प्रदेश प्रगति के पथ पर अग्रसर : योगी आदित्यनाथ
प्रयागराज, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय माफिया के कारण प्रयागराज की छवि धूमिल हो गई थी। माफिया प्रशासन और न्याय व्यवस्था के लिए चुनौती बने हुए थे लेकिन अब माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं। प्रदेश में सुरक्षित माहौल बनने से उत्तर प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) सत्ता में आती है तो माफिया और बदमाश लेकर आती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विकास और बदलाव लेकर आती है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को गवर्नमेंट प्रेस मैदान में आयोजित इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक मतदाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं को रोजगार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रदेश के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। साथ ही स्नातक मतदाताओं से विधान परिषद चुनाव में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
पहले पैसे देकर होती थीं नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरियों के विज्ञापन तक नहीं निकलते थे। यदि विज्ञापन निकलता भी था तो पैसे देकर नियुक्तियां होती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की चार बार की सरकार में कोई भी नियुक्ति पारदर्शी तरीके से नहीं हुई। चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकलती थी।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के वर्ष 2017 से 2026 तक के कार्यकाल में पहले की तुलना में चार गुना नौकरियां दी गई हैं और नौ लाख लोगों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
केशव बोले, तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प लें कार्यकर्ता
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सपा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सभी 11 सीटों पर हार रही है। उन्होंने दावा किया कि यह सीट परंपरागत रूप से भाजपा की रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेने का आह्वान भी किया।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज महर्षि भारद्वाज की पावन भूमि है। इस शहर ने देश को बहुत कुछ दिया है और यहां बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर प्रस्तुत की है। उन्होंने माफिया के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने वाले माफिया के खिलाफ कार्रवाई हुई है और ऐसी जमीन पर अब आवास बनाए जा रहे हैं। उनके अनुसार, माफिया पर कार्रवाई के बाद प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास को गति मिली है।
गदा भेंट कर किया मुख्यमंत्री का स्वागत
सम्मेलन का संचालन काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं स्नातक चुनाव के सह संयोजक अवधेश चंद्र गुप्ता ने किया। इससे पहले भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर और जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गदा भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर एमएलसी अनूप गुप्ता, गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल, सांसद प्रवीण पटेल, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, डॉ. कीर्तिका अग्रवाल, चायल विधायक पूजा पाल, दीपक पटेल, हर्षवर्धन बाजपेयी, गुरुप्रसाद मौर्य और सुरेंद्र चौधरी सहित अन्य नेता मंच पर उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल