सामूहिक विवाह योजना: 129 हिन्दू जोडे़ एवं 67 मुस्लिम जोड़ों का हुआ विवाह सम्पन्न

 


फिरोजाबाद, 15 अक्टूबर (हि.स.)।जनपद के नगर निगम फिरोजाबाद एवं विकास खण्ड टूण्डला, फिरोजाबाद, नारखी के चिन्हित पात्र जोड़ों के विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत बृहस्पतिवार को श्री तिलक इण्टर कॉलेज फिरोजाबाद में सम्पन्न कराये गये। कार्यक्रम में 196 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ।

सामूहिक विवाह योजना में नगर निगम फिरोजाबाद के 90, विकास खण्ड टूण्डला के 39, विकास खण्ड फिरोजाबाद के 30, विकास खण्ड नारखी के 37 इस प्रकार कुल 196 जोड़े उपस्थित हुए, जिनमें 129 हिन्दू जोडे़ एवं 67 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सम्पन्न कराये गये।

कार्यक्रम में सम्मिलित हुए जोड़ों को क्रमशः 05 साड़ी ब्लाउज सहित, 05 पेटीकोट, चुनरी, पैन्ट का कपड़ा, शर्ट का कपड़ा, फेंटा, गमछा, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, सीलिंग फेन, कूल केज, दीवार घड़ी, चूड़ी 2 दर्जन, प्लास्टिक की कुर्सी 4, 1 मेज, गैस चूल्हा डबल बर्नर वाला, ट्राली बैग, स्टील डिनर सेट-1, आयरन प्रेस, डबल बेड चादर, 02 पिलो कवर, कम्बल, कुकर, गद्दा, मेट्रेस-02, सिन्होरा, चूड़ी, कंगन, ड्राईफ्रूट्स, मिष्ठान्न आदि वैवाहिक सामग्री प्रदान की गयी।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मनीष असीजा विधायक सदर, कामिनी राठौर महापौर नगर निगम फिरोजाबाद, भगवान दास शंखवार आदि मौजूद रहे। उपस्थित अतिथियों ने नव दंपति को आशीर्वाद प्रदान कर उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उप-जिलाधिकारी सदर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार परिहार, तूलिका सिंह उपायुक्त श्रम रोजगार, मुदिता पाण्डेय जिला विद्यालय निरीक्षक, राजमती जिला समाज कल्याण अधिकारी, मिथलेश कुमार जिला प्रोवेशन अधिकारी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़