राष्ट्रभाव की अलख जगाएगी तिरंगा यात्रा, नौ अगस्त को राजधानी में दिखेगा देशभक्ति का विराट स्वरूप

 




- मुख्यमंत्री आवास से विधानसभा तक निकलेगी भव्य यात्रा, युवाओं की भागीदारी पर जोर

- राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का देंगे संदेश

लखनऊ, 02 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी नौ अगस्त को राजधानी लखनऊ में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास पांच, कालिदास मार्ग से विधानसभा तक निकलने वाली यह यात्रा देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत होगी। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा अभियान के सह संयोजक व प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस तिरंगा यात्रा में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, कर्तव्यबोध और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति होगी।

तिरंगा बनेगा राष्ट्रभाव का प्रतीक

प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यात्रा के दौरान राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना को प्रमुखता दी जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। युवाओं की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है, क्योंकि युवा शक्ति को राष्ट्र की ऊर्जा और भविष्य का आधार माना जाता है।

एकता और अखंडता का दिया जाएगा संदेश

तिरंगा यात्रा के जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि देश की मजबूती नागरिकों की एकजुटता, आपसी सद्भाव और राष्ट्र के प्रति निष्ठा से संभव है। यात्रा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनें। आयोजकों के अनुसार, तिरंगा यात्रा में शामिल होना राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को प्रदर्शित करने का अवसर है।

देशभक्ति के रंग में रंगेगा राजधानी का माहौल

नौ अगस्त को मुख्यमंत्री आवास से विधानसभा तक निकलने वाली तिरंगा यात्रा के दौरान राजधानी का वातावरण देशभक्ति के नारों और राष्ट्रभाव की भावना से गूंजेगा। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र की एकता और गौरव का संदेश देंगे।

क्यूआर कोड स्कैन कर तिरंगा यात्रा में बनें सहभागी

बदलते डिजिटल दौर में राष्ट्रभाव की अभिव्यक्ति का नया माध्यम भी तैयार किया गया है। तिरंगा यात्रा में भागीदारी के लिए अब राष्ट्रभक्त युवा और नागरिक क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगे। डिजिटल पंजीकरण की यह पहल अधिक से अधिक लोगों को देशभक्ति के इस अभियान से जोड़ने का माध्यम बनेगी।

प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने बताया कि तिरंगा यात्रा को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का सहारा लिया जा रहा है। क्यूआर कोड स्कैन करते ही नागरिक यात्रा से जुड़ने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इससे युवाओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों तक अभियान की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश