मंत्री संदीप सिंह के तिलक समारोह में मुख्यमंत्री योगी समेत कई मंत्रियों ने पहुंच कर दिया आशीर्वाद
लखनऊ, 14 नवंबर (हि.स.)। बेसिक शिक्षा विभाग के राज्यमंत्री संदीप सिंह तथा उनके भाई सौरभ सिंह के तिलक समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई मंत्री शनिवार को जनपद अलीगढ़ में रामघाट रोड स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने तिलक एवं सगाई समारोह में दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। योगी ने संदीप सिंह को व उनके भाई सौरभ सिंह को ओडीओपी के उपहार भी भेंट किये।
मुख्यमंत्री याेगी शनिवार शाम करीब 4:17 बजे कार्यक्रम स्थल पर बने मंच पर पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने ‘जय श्रीराम’ और ‘नमो पार्वती पतये, हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ लोगों का अभिवादन किया। करीब छह मिनट तक उन्होंने दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी दोनों भाइयों को आशीर्वाद दें, ताकि उनका जीवन उज्ज्वल हो। बांके बिहारी का आशीर्वाद सदैव उनके साथ बना रहे। साथ ही, उनके दादा हिंदू हृदय सम्राट स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ का आशीर्वाद भी दोनों भाइयों पर बना रहे। इसी कामना के साथ मैं उन्हें हृदय से बधाई देता हूं।
समारोह में दोनों भाइयों को आशीर्वाद देने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजवीर सिंह राजू ने अपनी पत्नी के दबाव में आप सभी को यह न्योता दिया है। आप सभी के आने से हम लोगों को भी इस दावत में शामिल होने का अवसर मिल गया। मुख्यमंत्री की इस बात पर मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ ही सामने बैठे लोग भी ठहाके लगाने लगे। उन्होंने आगे कहा कि संदीप सिंह सरकार में मंत्री हैं। वह इस आयोजन के लिए उन्हें पहले ही आमंत्रित कर चुके थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सोचा था कि शाम को पहुंचने तक कार्यक्रम में लोगों की संख्या कम हो जाएगी, लेकिन यहां तो लगातार आगंतुकों और आशीर्वाद देने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। यह बाबूजी के परिवार के प्रति आप सभी लोगों का स्नेह है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचने के लिए सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हापुड़ से हेलीकॉप्टर से शाम करीब 3:45 बजे अलीगढ़ पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, मन्नूलाल कोरी व गृह सचिव संजय प्रसाद भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू,बड़ी बहन पूर्णिमा सिंह,बहनोई प्रवीण राज सिंह और छोटी बहन श्वेता के साथ फोटो भी खिंचाई।
इस आयाेजन के लिये अलीगढ़ में 100 बीघे के मैदान में शाही अंदाज में पंडाल लगाया गया है। मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की फोटो लगायी गयी है। कार्यक्रम में अंडमान निकोबार के उप राज्यपाल डा.दिनेश शर्मा, साक्षी महाराज समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। राजवीर सिंह राजू अतिथियों की अगवानी कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन