मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रमः 317 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
- केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारम्भ
मीरजापुर, 16 मई (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज महुवरिया में शनिवार को भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं नगरीय क्षेत्रों से आए कुल 317 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज के साथ विवाह सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक रिंकी कोल, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति वर्ग के 216, अन्य पिछड़ा वर्ग के 97, सामान्य वर्ग के 2 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 2 जोड़ों सहित कुल 317 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। अतिथियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सरकार बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को विधानसभाओं और संसद में भागीदारी दिलाने के लिए सरकार कटिबद्ध है।
--प्रति जोड़े पर सरकार खर्च कर रही एक लाख रुपये
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 60 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजे जाएंगे। वहीं 25 हजार रुपये की गृहस्थी सामग्री, जिसमें कपड़े, चांदी की पायल, बिछिया, स्टील डिनर सेट सहित अन्य सामान नवदंपत्तियों को प्रदान किया गया। शेष 15 हजार रुपये विवाह आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा