अधिकारी संवेदनशील होकर जनता की समस्याओं का कराएं निराकरण : मुख्यमंत्री याेगी
लखनऊ, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पश्चिम बंगाल रवाना होने से पहले सोमवार सुबह 'जनता दर्शन' में प्रदेश भर से आए फरियादियों की पीड़ा सुनी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील होकर जनता की समस्याओं के निराकरण का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने 'जनता दर्शन' में आए सभी फरियादियों से मुलाकात की। एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं, प्रार्थना पत्र लिया, फिर अधिकारियों को समय सीमा के भीतर समाधान कराने को कहा। राजस्व व पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हीलाहवाली नहीं चलेगी, समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान करके पीड़ित को सूचित करना होगा।
'जनता दर्शन' में आए कुछ फरियादियों से मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या जनपद में किसी अधिकारी से मिलकर आपने समस्या बताई ? पता चला-नहीं, इस पर मुख्यमंत्री ने फरियादियों से कहा कि बेतहाशा गर्मी में आप परेशान न हों। पहले अपने जनपद में तैनात अधिकारियों से पीड़ा बताएं। हर हाल में सुनवाई होगी और समस्या का यथोचित समाधान भी। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि धूप-गर्मी में अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
बच्चों को किया दुलार, चॉकलेट भी दी
मुख्यमंत्री ने 'जनता दर्शन' में परिजनों के साथ आए बच्चों पर अपना स्नेह लुटाया। उन्हें चॉकलेट के साथ आशीर्वाद भी दिया। मुख्यमंत्री ने मां की गोद में बैठे बच्चों से पूछा कि चॉकलेट चाहिए तो एक बच्चे ने मुस्कराकर अभिव्यक्ति दी, इस पर मुख्यमंत्री ने उसे चॉकलेट दिया। चॉकलेट पाकर बच्चा खिलखिला उठा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला