मुख्यमंत्री योगी 14 अगस्त को यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का करेंगे उद्घाटन, बदला रहेगा लखनऊ का यातायात
लखनऊ, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन का भव्य उद्घाटन कल (शुक्रवार) 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी (इकाना) क्रिकेट स्टेडियम में शाम 6:00 बजे से होगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा इस बेहद लोकप्रिय मिनी आईपीएल के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही यूपीसीए के पदाधिकारियों ने राज्य के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को भी उद्घाटन समारोह आमंत्रित किया है। स्टेडियम में एक बेहद भव्य ड्रोन शो, लेजर लाइट शो और आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा और 07 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मिनी आईपीएल टी-20 लीग का विधिवत उद्घाटन करेंगे। लीग की शुरुआत होने के चलते राजधानी लखनऊ का यातायात पूरी तरह से बदला रहेगा।
दोपहर 03 बजे से लागू रहेगी ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था
लखनऊ कमिश्नरेट की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी)ट्रैफिक रवीना त्यागी ने बताया कि इकाना स्टेडियम में 14 अगस्त को होने वाले यूपी टी-20 लीग-2026 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए लखनऊ यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था जारी की गई है। यह व्यवस्था दोपहर 3 बजे से मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। शहीद पथ पर रोडवेज बसों, निजी बसों और अन्य व्यावसायिक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि वैकल्पिक मार्ग खुले रहेंगे और निजी वाहनों व किराये की टैक्सी-कार पर रोक नहीं होगी।
रोडवेज व निजी बसों के लिए प्रतिबंध
शहीद पथ पर मैच के दौरान रोडवेज तथा अन्य सभी छोटी-बड़ी व्यावसायिक बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सुलतानपुर रोड से आने वाले वाहनों को अमूल तिराहा से डायवर्ट कर अर्जुनगंज की ओर भेजा जाएगा। रोडवेज की ओर से निर्धारित डायवर्जन प्लान का निजी बसों को भी सख्ती से पालन करना होगा।
सिटी बसों के लिए भी बदला मार्ग
मैच के दौरान सिटी बसें शहीद पथ पर नहीं चलेंगी। इन्हें हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ के बजाय सड़क के दोनों ओर से चलाया जाएगा।
ई-रिक्शा और ऑटो पर भी रोक
शहीद पथ पर ई-रिक्शा और ऑटो का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। अर्जुनगंज की ओर से आने वाले ई-रिक्शा और ऑटो को अहिमामऊ से बाएं मुड़कर पीजीआई, यूपी-112 और मातृ शिशु अस्पताल के पीछे वाली सड़क से सवारी उतारने के बाद जी-20 तिराहे की ओर भेजा जाएगा। सुलतानपुर रोड से आने वाले ई-रिक्शा और ऑटो को बाएं मुड़कर लूलू मॉल की ओर जाने की व्यवस्था की गई है। अहिमामऊ से 500 मीटर की परिधि में सवारी उतारने या बैठाने पर भी रोक रहेगी।
निजी वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
जिन वाहन स्वामियों के पास वाहन पास उपलब्ध होगा, वे अहिमामऊ से एक्सपोसेल की ओर जाकर वाटर टैंक तिराहे से एलाइसी होते हुए चिन्हित पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे। बिना वाहन पास वाले वाहन भी अहिमामऊ से एक्सपोसेल होकर आएंगे और पहले आने वाले वाहनों को प्लासियों मॉल में पार्क कराया जाएगा। प्लासियों मॉल की पार्किंग भरने के बाद वाटर टैंक तिराहे से एक्सपोसेल के बीच पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। दो पहिया वाहनों के लिए अहिमामऊ से एक्सपोसेल तिराहे होते हुए प्लासियों मॉल के पीछे वाहन पार्क करने की व्यवस्था की गई है।
वीआईपी और वीवीआईपी के लिए अलग व्यवस्था
वीवीआईपी/वीआईपी के साथ आने वाले एस्कॉर्ट वाहन स्टेडियम से वापस होकर मॉल अथवा पीजीआई के पीछे वाली सड़कों पर पार्क किए जाएंगे। स्टेडियम के आसपास किसी भी स्थिति में वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों को प्लासियों मॉल के सामने या स्टेडियम के सामने इधर-उधर खड़ा करने पर टोइंग और क्लैंप की कार्रवाई की जाएगी।
टिकट और प्रवेश को लेकर भी निर्देश
टिकट पर क्यूआर कोड दर्ज होगा। उसे स्कैन करने पर संबंधित पार्किंग स्थल का विवरण मैप सहित प्रदर्शित होगा। सुरक्षा कर्मियों के साथ आने वाले विशिष्ट अथवा अतिविशिष्ट दर्शकों के एस्कॉर्ट को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। पार्किंग क्षेत्र अलग-अलग निर्धारित रहेंगे और केवल टिकट धारक ही संबंधित स्टैंड में प्रवेश कर सकेंगे।
मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले दर्शकों को प्रवेश दिया जाएगा। पहली पारी और दूसरी पारी के बीच दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। स्टेडियम से बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पीएसी, यूपी-112 मुख्यालय के पीछे की सड़क की तरफ अस्थायी पिक एंड ड्रॉप स्टैंड बनाया जाएगा, जहां निजी वाहन और ऑटो-रिक्शा से आने वाले दर्शक सवारी उतार और बैठा सकेंगे। बिना ड्यूटी कार्ड या टिकट के किसी व्यक्ति को स्टेडियम के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा। पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी और अनधिकृत प्रवेश दंडनीय अपराध माना जाएगा।
इसके अलावा सिक्का, ईयरफोन, ज्वलनशील पदार्थ समेत आईसीसी/बीसीसीआई के निर्देशों के अनुसार प्रतिबंधित वस्तुओं को स्टेडियम में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
दर्शकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
यातायात पुलिस ने स्टेडियम के आसपास रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे मैच देखने के लिए स्टेडियम की ओर जाने के बजाय वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। दर्शकों से भी अपील की गई है कि शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाले मैच के लिए शाम 6 से 8 बजे के बीच का पीक ट्रैफिक ध्यान में रखते हुए समय से पहले अथवा मैच समाप्त होने के बाद यात्रा करें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा