लखनऊ में 1076 हेल्पलाइन के कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने पर पुलिस ने रोका

 








--प्रदर्शन की वजह से लोहिया पथ व समतामूलक के आसपास के इलाके में जाम जैसी स्थिति बन गयी

लखनऊ, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को सीएम हेल्पलाइन में कार्यरत 200 से अधिक कर्मचारियों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। नियमित वेतन भुगतान और वेतन बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर कर्मचारियाें के जुलूस की शक्ल में मुख्यमंत्री दफ्तर की ओर कूच करने से कानून व्यवस्था की स्थिति पैदा हो गयी। हालांकि पुलिस ने समझाने की काेशिश की लेकिन जब नहीं माने ताे सख्ती कर उन्हें सड़क से हटाया गया और नियाेजित कंपनी के अधिकारियाें से वार्ता करायी गयी। अब इस प्रकरण पर मुख्यमंत्री स्तर से ही हल निकलने की उम्मीद जतायी जा रही है।

सीएम हेल्पलाइन में कार्यरत कर्मचारी गुरुवार को सुबह लगभग 10 बजे अपने कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए साइबर टावर से लोहिया पार्क तक पहुंचे। बड़ी संख्या में कर्मचारियों के सड़क पर आने की जानकारी मिलते ही पुलिस माैके पर पहुंची और इन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन कर्मचारी आगे बढ़ने की जिद पर अड़े रहे। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संगीत नाटक एकेडमी के सामने बैरिकेडिंग कर इन्हें रोकने की कोशिश की गयी लेकिन जब समझाने से कर्मचारी नहीं माने तो पुलिस ने डंडे के बल पर सड़क किनारे करना शुरू कर दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत कर महिला कर्मचारियाें काे वाहनाें में जबरिया बैठाया।

नारेबाजी के बीच प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने अपनी मांगों के संबंध में बताया कि हेल्पलाइन ऑफिस में फोन जमा करा लिया जाता है। ज्वायनिंग के समय वेतन 15 हजार रुपए प्रति माह देने की बात कही गयी थी, लेकिन वर्तमान में सिर्फ 7000 से लेकर 8000 रुपए प्रति माह ही दिये जा रहे हैं। इतना ही नहीं नियमित रूप से वेतन भी नहीं दिया जाता है । इस प्रदर्शन की वजह से लोहिया पथ व समतामूलक के आसपास के इलाके में जाम जैसी स्थिति बन गयी। इन कर्मचारियों को नियोजित करने वाले कंपनी के अधिकारी भी पुलिस के साथ कर्मचारियों को समझाने में लगे रहे। लम्बी बातचीत के बाद दोनों पक्षों में बातचीत के बाद तय हुआ कि कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याएं बतायेगा। इसके अलावा अन्य आंदोलित कर्मचारियों को सीएम हेल्पलाइन के कार्यालय गोमतीनगर के साइबर टॉवर भेज दिया गया है।

--क्या है यूपी सीएम हेल्पलाइन उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम) के तहत एक केंद्रीकृत शिकायत निवारण तंत्र के रूप में काम करता है। यह 24×7 संचालित कॉल सेंटर आधारित प्लेटफॉर्म है, जहां प्रदेश भर के लोग फोन, ऑनलाइन माध्यम और विभिन्न सरकारी संदर्भों के जरिए अपनी शिकायत दर्ज कराते हैं, और जरूरी जानकारी भी प्राप्त करना व सुझाव देते हैं। यहां आने वाली शिकायताें का निपटारा एक तय प्रक्रिया के तहत किया जाता है। इस सरकारी सिस्टम में प्रत्येक शिकायत को डिजिटल रूप से ट्रैक कर तय समय सीमा में निस्तारण किया जाता है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह