सत्ता में रहते ओबीसी की नहीं आई याद, जनता ने सपा की बंद कर दी राजनीतिक दुकान : अनिल राजभर

 


- योगी के मंत्री अनिल राजभर ने सपा पर साधा निशाना

- रुक्मिणी देवी को सपा के महिला सभा का अध्यक्ष बनाए जाने पर टिप्पणी

- मां विंध्यवासिनी का दर्शन कर देश-प्रदेश की तरक्की की कामना

मीरजापुर, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब सपा सत्ता में थी तब उसे पिछड़े वर्ग (ओबीसी) की चिंता नहीं थी। अब जनता ने उनकी राजनीति की दुकान बंद कर दी है तो उन्हें पिछड़ा समाज याद आ रहा है। उन्होंने कहा कि सपा के चार बार के शासनकाल में पिछड़ों के हितों की अनदेखी की गई, जिसे समाज कभी नहीं भूलेगा।

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने महाअष्टमी के अवसर पर गुरूवार को मां विंध्यवासिनी का विधिवत पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री ने सपा द्वारा फूलन देवी की बहन रुक्मिणी देवी को महिला सभा का अध्यक्ष बनाए जाने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी को पद देने भर से मानसिकता नहीं बदलती। पिछड़ा समाज सपा के पुराने रवैये को भूला नहीं है। इस दौरान नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्रा, मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल समेत भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

पत्रकारों के लिए जल्द कैशलेस इलाज की तैयारी

पत्रकारों के हित में बड़ा ऐलान करते हुए अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही पत्रकारों के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था लागू करने जा रही है। उन्होंने बताया कि जैसे शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं समेत अन्य वर्गों को यह सुविधा दी गई है, उसी तरह पत्रकारों को भी स्वास्थ्य सुरक्षा दी जाएगी।

वैश्विक हालात पर जताई चिंता, बोले- पूरी दुनिया पर पड़ेगा असर

संसद में प्रधानमंत्री के संबोधन का उल्लेख करते हुए मंत्री ने वैश्विक हालात पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि युद्ध लंबा खिंचता है तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा और भारत भी इससे अछूता नहीं रहेगा। ऐसे समय में देशवासियों को कोविड काल की तरह एकजुट होकर आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा