गांधी जयंती पर स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प
मीरजापुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को दाढ़ीराम ग्रामसभा में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित अभियान में युवाओं और ग्रामीणों ने सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सफाई की गई। इसके बाद पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने कहा कि स्वच्छ गांव और स्वच्छ समाज के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास सफाई रखने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने गांधीजी के स्वच्छता संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता उनके जीवन और विचारधारा का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फेंकने, सफाई व्यवस्था बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने की अपील की।
इस दौरान भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष प्रमोद सिंह, ग्राम प्रधान राजेश प्रजापति, पूर्व मंडल अध्यक्ष त्रिलोकनाथ दुबे, पंचायत सहायक दीपचंद पाल, युवा मंडल अध्यक्ष अशोक पाल, रामगोपाल पाल, नीरज यादव, ओंकार और अजय भारती समेत अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन सुरेश मोदनवाल ने किया।
------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा